जानिए क्या है ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर, जिससे पीड़ित हैं फुटबॉलर डेविड बेकहम :David beckham
Obsessive Compulsive Disorder:क्या आप भी घंटों घर की सफाई में लगे रहते हैं, क्या आपको भी हर चीज अपनी जगह पर व्यवस्थित चाहिए, क्या रात को सोने के लिए बिस्तर पर जाने से पहले भी आपको यही टेंशन रहती है कि घर में सब कुछ संभला हुआ तो है ना, कहीं किचन या बच्चों का कमरा गंदा तो नहीं है, क्या घर का ताला एक बार लगाने के बाद भी आप दो से तीन बार चेक करते हैं, क्या आपको भी लगता है कि आप बाहर हैं और घर की लाइट ऑन ही रह गई हैं। अगर आपको या आपके परिवार को भी महसूस हो रहा है कि आपका सफाई का या चीजों को लेकर कंफ्यूजन का जुनून हद से पार हो गया तो फिर आपको संभलने की जरूरत है। यह एक गंभीर मानसिक बीमारी के लक्षण हो सकते हैं।
डेविड बेकहम ने बताया ये

हाल ही में पूर्व इंग्लिश फुटबॉल खिलाड़ी डेविड बेकहम ने खुलासा कि वह ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर का शिकार हैं। इस डिसऑर्डर के कारण वे घंटों घर की सफाई करने में जुटे रहते हैं। इतना ही नहीं जब घर के सभी मेंबर्स सोने चले जाते हैं, तब भी वह उठकर घर की चीजों को व्यवस्थित करने और सफाई में लगे रहते हैं। ऐसे में 47 साल की उम्र में उन्हें हर समय थकान महसूस होती है। इतना ही नहीं वे अपने कपड़े तक गिनकर रखते हैं। बेकहम का कहना है कि उन्हें बिलकुल पसंद नहीं है कि वे सुबह उठें तो उन्हें घर फैला हुआ मिले। बेकहम का कहना है कि जब यह आदत बहुत ज्यादा बढ़ गई तो उन्हें ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर यानी ओसीडी का पता चला।
जानिए क्या है ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर

ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर से पीड़ित शख्स एक ही बात को बार-बार सोचता और करता है। किसी चीज को लेकर वह ऑब्सेसिव यानी बहुत ज्यादा आदी हो जाते हैं। उस काम को करने के बाद ही उन्हें अच्छा लगता है। ओसीडी का एक बड़ा कारण है डिप्रेशन और एंग्जायटी। कई बार किसी दुख या ट्रोमा के कारण भी लोग इसके शिकार हो जाते हैं। नींद न आना भी इसका एक कारण है। ओसीडी से पीड़ित लोग अक्सर चिड़चिड़े हो जाते हैं। उन्हें लगता है कि लोग उन्हें समझ नहीं पाते।
ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर का इलाज
ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर का कोई स्थाई इलाज अभी तक डॉक्टर्स खोज नहीं पाए हैं। हालांकि लगातार काउंसलिंग और कुछ दवाओं से इसे कंट्रोल किया जा सकता है। इन दवाओं से शरीर में सेरोटोनिन हार्मोन बढ़ता है। इसके साथ ही विटामिन सी से भरपूर डाइट नियमित लें, इससे भी लाभ मिलेगा। अपना स्क्रीन टाइम कम कर दें। सबसे खास बात यह है अगर आपको ओसीडी के लक्षण नजर आ रहे हैं तो आप तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।