विसेरल फैट से छुटकारा पाना है मुश्किल, जानें कैसे पाएं इससे निजात
How To Get Rid Of Visceral Fat- फैट कम करना किसी के लिए भी आसान नहीं होता, खासकर पेट पर जमी चर्बी चिंता का कारण बन सकती है। पेट और आंत की चर्बी जिसे विसेरल फैट के नाम से जाना जाता है, से छुटकारा पाना सबसे मुश्किल होता है। विसेरल फैट मुख्य रूप से एबडॉमिनल कैविटी में जमा होती है जो शरीर में हार्मोन के काम करने के तरीके को प्रभावित करती है। ये फैट पैनक्रियाज, लिवर और इंटेस्टाइन जैसे ऑर्गेन के करीब जमा होता है। शरीर में विसेरल फैट की मात्रा जितनी अधिक होगी उसे उतनी ही हेल्थ प्रॉब्लम्स का सामना करना पड़ सकता है। विसेरल फैट वाले व्यक्ति को टाइप 2 डायबिटीज, हार्ट डिजीज और हाई बीपी जैसे समस्याएं हो सकती हैं। आंत में चर्बी जमने के कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। कई बार तमाम कोशिशों के बाद भी इस जिद्दी फैट से छुटकारा पाना मुश्किल हो जाता है। तो चलिए जानते हैं विसेरल फैट को कैसे कम कर सकते हैं।
क्या है विसेरल फैट

विसेरल फैट आंतरिक अंगों जैसे पेट और इंटेस्टाइन के चारों ओर जमा होता है। ये फैट संभावित रूप से दूसरों की तुलना में अधिक खतरनाक हो सकता है। विसेरल फैट ऐसे रसायन उत्पन्न करते हैं जो शरीर के लिए हानिकारक हो सकते हैं। ये रसायन हार्ट डिजीज, टाइप 2 डायबिटीज और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ाने में योगदान दे सकते हैं। विसेरल फैट को मापने का सबसे अच्छा और आसान तरीका है कमर का माप। जिन महिलाओं की कमर का साइज 36 से अधिक है और पुरुषों का 38 से अधिक है वे विसेरल फैट का शिकार हो सकते हैं। विसेरल फैट को घटाना कई मामलों में नामुमकिन होता है लेकिन नियमित एक्सरसाइज और डाइट से इसे कंट्रोल किया जा सकता है।
विसेरल फैट से कैसे पाएं निजात

विसेरल फैट को कम करना थोड़ा मुश्किल होता है। इसे अधिकतर सर्जरी के माध्यम से शरीर से अलग किया जाता है। लेकिन इसके लिए अन्य तरीकों को भी अपनाया जा सकता है।
डाइट पर कंट्रोल
विसेरल फैट यानी आंत की चर्बी को कम करने में डाइट अहम भूमिका निभा सकती है। फैट को कम करने के लिए डाइट में कैल्शियम और विटामिन डी को शामिल किया जा सकता है। इसके लिए आपको पालक, पनीर, दही, पत्तेदार सब्जियां और डेयरी प्रोडक्ट का सेवन करना चाहिए। साथ ही ऐसे फैटी प्रोडक्ट का सेवन करने से बचना चाहिए जिनसे फैट बढ़ सकता है।
यह भी देखे-हर साल गर्मियों में ऑयली स्किन करती है परेशान, तो अपनाएं ये टिप्स
नियमित एक्सरसाइज
विसेरल फैट को कम करने में एक्सरसाइज महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। प्रतिदिन 30 मिनट एक्सरसाइज करने से बॉडी को एनर्जेटिक बनाए रखने में भी मदद मिलती है। 30 मिनट की हार्ड कोर एरोबिक एक्सरसाइज करने से पेट की चर्बी को कम करने में भी सहायता मिलती है।
हेल्दी फैट खाएं
डाइट में हेल्दी फैट जैसे ऑलिव ऑयल, कोकोनट ऑयल, अखरोट ऑयल, सोयाबीन ऑयल और घी को शामिल करें। इसके अलावा मछली, सालमन, ओमेगा-3 और ओमेगा 6 सप्लीमेंट्स का भी सेवन फायदेमंद हो सकता है। हेल्दी फैट्स में भरपूर मात्रा में मिनरल और फैट होते हैं जो ब्लड लिपिड और ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने में मदद कर सकते हैं।
लें पर्याप्त नींद
विसेरल फैट को कम करने के लिए पर्याप्त नींद लेना बेहद जरूरी है। वजन कम करने और नींद में गहरा संबंध होता है। जो लोग प्रतिदिन 6-7 घंटों की नींद लेते हैं उनके मेटाबॉलिज्म में सुधार हो सकता है, जो वजन कम करने में भी मदद कर सकता है।