For the best experience, open
https://m.grehlakshmi.com
on your mobile browser.

20+ महाराष्ट्र में घूमने के लिए बेहतरीन स्थान और प्रमुख दर्शनीय स्थल 

10:30 AM Apr 12, 2024 IST | Abhilasha Saksena
20  महाराष्ट्र में घूमने के लिए बेहतरीन स्थान और प्रमुख दर्शनीय स्थल 
Maharashtra Famous Places
Advertisement

Maharashtra Me Ghumne ki Best Jagah: महाराष्ट्र भारत का एक प्रमुख राज्य है, जहां सालभर पर्यटकों की भीड़ देखी जा सकती है। पश्चिमी घाट से निकट होने की वजह से एक तरफ यह पहाड़ों की सुरम्य पृष्ठभूमि से धन्य है और दूसरी तरफ सुंदर कोंकण तट है। यह राज्य कई प्राचीन किलों, महलों, गुफाओं, मंदिरों, झरनों, नदियों और समुद्र तटों से के अलावा कई प्राकृतिक पर्यटन स्थलों से भरपूर है। अगर आप महाराष्ट्र जाने का मन कर रहे हैं, तो आज हम आपको इसके प्रमुख दर्शनीय स्थलों के बारे में बताते हैं।

महाराष्ट्र में घूमने के लिए 20 खूबसूरत जगहें- Famous places in Maharashtra

जगहेंदूरी/प्रति किलोमीटर मुंबई से
मुंबई (Mumbai) 27
अजंता और एलोरा गुफा (Ajanta and Elora caves)425
पुणे (Pune) 155
शिरडी (Shirdi)256
पंचगनी  (Panchgani) 251
नासिक (Nashik) 182
लोनावाला  (Lonavala)90
रत्‍नागिरी (Ratnagiri)330
माथेरान (Matheran)90
इगतपुरी  (Igatpuri)137
अंबोली  (Amboli)494
महाबलेश्वर (Mahabaleshwar)216
लवासा  (Lavasa)194
अलीबाग़ (Alibag)  95
ताडोबा राष्ट्रीय उद्यान  (Tadoba National Park)800
रायगढ़  (Raigarh)167
मालवान (Malvan) 490
खंडाला (Khandala) 79
काशीद (Kaashid) 126
नागपुर (Nagpur) 770
20+ महाराष्ट्र में घूमने के लिए बेहतरीन स्थान और प्रमुख दर्शनीय स्थल 

मुंबई (Mumbai) 

Maharashtra Me Ghumne ki Best Jagah
Mumbai

मुंबई महाराष्ट्र का प्रमुख शहर और यहाँ की राजधानी है। इसको भारत की व्यावसायिक राजधानी के नाम से भी जाना जाता है। यहाँ घूमने के लिए एक से एक जगह हैं। इनमें गेट वे ऑफ़ इंडिया, चौपाटी,  सिद्धिविनायक मंदिर,  हाजी अली, एस्सेल वर्ल्ड, मरीन ड्राइव और एलिफ़ेंटा हैं। इसके अलावा मुंबा देवी मंदिर, हैंगिंग गार्डन, संजय गांधी नेशनल पार्क जैसे मुख्य पर्यटक स्थलों के अलावा कई छोटे पर्यटन स्थल भी हैं।

प्रवेश शुल्क

यहाँ एस्सेल वर्ल्ड, संजय गांधी नेशनल पार्क और एलिफ़ेंटा में प्रवेश शुल्क है लेकिन गेट वे ऑफ़ इंडिया, मरीन ड्राइव, जुहू और चौपाटी जैसी जगहों पर कोई प्रवेश शुल्क नहीं है।

Advertisement

अजंता और एलोरा गुफा (Ajanta and Elora caves) 

Ajanta caves
Ajanta caves

औरंगाबाद में स्थित अजंता और एलोरा की गुफा ना केवल भारत में बल्कि पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। बड़े पहाड़ों और चट्टानों को काटकर बनाई गई ये गुफाएं भारतीय कारीगरी और वास्तुकला का बेहतरीन नमूना प्रदर्शित करती हैं। अजंता की गुफाओं में ज्यादातर दीवारों पर की गई नक्काशी बौद्ध धर्म से जुड़ी हुई है जबकि एलोरा की गुफाओ की वास्तुकला और मूर्तियां तीन अलग-अलग धर्मों से जुड़ी हैं- बौद्ध धर्म, जैन धर्म और हिंदू धर्म। अजंता में  30 गुफाओं का समूह है वहीं एलोरा की गुफाओं में 34 मोनैस्ट्रीज और मंदिर हैं। ये दोनों गुफ़ाएँ एक-दूसरे से 100 किलोमीटर की दूरी पर हैं।

प्रवेश शुल्क

अजंता और एलोरा में प्रवेश शुल्क 40 रुपए है। 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए कोई शुल्क नहीं है।

Advertisement

पुणे (Pune) 

Pune
Pune

पुणे महाराष्ट्र के बड़े शहरों में से एक है। यह शहर अपनी ऐतिहासिक सम्रद्धता के साथ ही आधुनिकता को दर्शाता है। यहां पर घूमने के लिए कई सारे पिकनिक स्पॉट हैं। यहां का खुशनुमा मौसम शहर की खूबसूरती को और बढ़ा देता है। एक समय पर ये शहर पेशवाओं की राजधानी हुआ करता था। पुणे में कई महल, किले और पेशवा बाजीवार का शनिवार वाड़ा स्थित है। इसके अलावा गणेश जी फेमस मंदिर श्रीमठ दगदूशेठ हलवाई भी है। आगा पैलेस, ओशो आश्रम, वज़ई झरना, वेघर जलप्रपात और राजगढ़ क़िला जैसे कई स्थल हैं।

प्रवेश शुल्क

यहाँ अधिकांश जगहों पर कोई प्रवेश शुल्क नहीं है। लेकिन लाल महल, आगा पैलेस में बहुत कम मात्र 5 रुपए प्रवेश शुल्क है। ओशो आश्रम में प्रवेश शुल्क 870 रुपए है।

Advertisement

शिरडी (Shirdi) 

Shirdi
Shirdi

साईं बाबा का सबसे बड़ा मंदिर महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में शिरडी में स्थित है। यहाँ ना केवल भारत बल्कि विदेशों से भी लोग शिरडी घूमने आते हैं। साईं बाबा का पवित्र मंदिर साईं की समाधि के ऊपर बनाया गया है। साईं के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए इस मंदिर का निर्माण 1922 में किया गया था। अक्तूबर से मार्च का समय शिरडी घूमने के लिए सबसे अच्छा है।

प्रवेश शुल्क

शिरडी मंदिर में कोई प्रवेश शुल्क नहीं है।

पंचगनी  (Panchgani) 

Panchgani
Panchgani

महाराष्ट्र का यह हिलस्टेशन 1334 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। पर्वत की पांच पहाड़ियों को मिलाकर इसका नाम पंचगनी रखा गया है। यहां लोग गर्मी के मौसम में छुट्टियां मनाने आते हैं। इसके सबसे ऊँचे स्थान में पहुंचकर झील का दृश्य देखना बहुत ज्यादा मनोरम रहता है। यहां का सिडनी पॉइंट पर्यटकों के लिए काफी रमणीक जगह है। यहां बैठकर आप सीधा धोम डैम का नजारा देख सकते हैं।

प्रवेश शुल्क

यहाँ किसी तरह का कोई प्रवेश शुल्क नहीं है।

नासिक (Nashik) 

Nashik
Nashik

नासिक हिंदू धर्म का सबसे प्राचीन और धार्मिक स्थल है, जहां पर 12 साल में एक बार कुंभ के मेले का आयोजन होता है। नासिक में त्रंबकेश्वर मंदिर स्थित है जहां साल भर लोग दर्शन के लिए आते हैं।यह स्थल हिंदू धर्म की कई पुरानी कथाओं के साथ मंदिर, झरने और अंगूर के बागों के लिए प्रसिद्ध है।

प्रवेश शुल्क

यहाँ अधिकांश जगहों पर किसी तरह का प्रवेश शुल्क नहीं है।

लोनावाला  (Lonavala)

Lonavala
Lonavala

हरियाली के बीच बसा लोनावला छुट्टी बिताने के लिए बेहतरीन हॉलीडे स्पाॅट है। यहां की बेहतरीन गुफा से लेकर लोकप्रिय बौद्ध मंदिर हर साल यहाँ हज़ारों पर्यटक घूमने जाते हैं।यहाँ बुशी डैम को देखने मानसून के समय यहां वीकएंड में काफी भीड़ इकट्ठी हो जाती है। यहाँ ड्यूक नोज, कार्ले तथा भज गुफा जैसे कई पर्यटक स्थल हैं। राजमाची किला, टाइगर लीप, कार्ला गुफाएं, लोहागढ़ किला, भुशी बांध

प्रवेश शुल्क

यहाँ वैक्स म्यूजियम में 200 रुपए प्रवेश शुल्क है। 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए कोई प्रवेश शुल्क नहीं है।

खंडाला (Khandala) 

Khandala
Khandala

लोनावाला से केवल 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित, खंडाला महाराष्ट्र का खूबसूरत पर्यटन स्थल है। गर्मियों से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी यहाँ जमा होते हैं। इसकी प्राकृतिक खूबसूरती को देखते ही आपका तनाव कहां गायब हो जाएगा, आपको पता भी नहीं चलेगा। यहाँ लोहगढ़ का क़िला, कर्नाला पक्षी अभयारण्य, तुंगा किला, लायंस पॉइंट, कुणे फॉल्स और पावना झील जैसे पर्यटन स्थल हैं।

प्रवेश शुल्क

कर्नाला पक्षी अभयारण्य में प्रवेश शुल्क 35 रुपए है। बाक़ी अधिकांश जगहों पर प्रवेश निःशुल्क है।

रत्‍नागिरी (Ratnagiri)

Ratnagiri
Ratnagiri

समुद्र से घिरा बाल गंगाधर तिलक का जन्‍मस्‍थान रत्नागिरी कोंकण तट का छोटा सा बहुत ही खूबसूरत शहर है। प्राचीन समुद्र तटों के अलावा, रत्नागिरी अपने प्राचीन ऐतिहासिक स्मारकों जैसे बर्मा के राजा के लिए बनाया गया थिबॉ पैलेस, संग्रहालयों, प्रकाशस्तंभों, किलों और मंदिरों के लिए जाना जाता है। रत्नागिरी में आप ऐरे-वॉरे समुद्र तट, भट्टे समुद्र तट, पवेलास समुद्र तट और गणपतिपुले समुद्र तट देख सकते हैं। यह शहर मछली करी, काजू करी और अल्फांसो आम जैसे स्वादिष्ट व्यंजन के लिए जाना जाता है।

प्रवेश शुल्क

यहाँ ज़्यादातर सी बीच हैं जहां किसी तरह का कोई शुल्क नहीं है। थिबॉ पैलेस में एंट्री फ़ीस 10 रुपए है।

माथेरान (Matheran)

Matheran
Matheran

पश्चिमी घाट पर सह्याद्रि श्रेणी के बीच स्थित माथेरान एक छोटा सा हिल स्टेशन है, जो समुद्र तल से 2600 फीट की ऊंचाई पर मौजूद है। मुंबई से 100 किलोमीटर की दूरी पर स्थित माथेरन में लुइसा पॉइंट, चार्लोट झील, मंकी पॉइंट, पैनरोमा पॉइंट यहाँ के सबसे ज्यादा आकर्षित स्थलों में से एक है। इसके अलावा पिशरनाथ महादेव के नाम से भगवान शिव का एक पुरातन मंदिर भी मौजूद हैं। यहाँ आप नेरल माथेरान टॉय ट्रेन नेरल को माथेरान से 21 किलोमीटर की रेलवे लाइन से जोड़ती है।

प्रवेश शुल्क

यहाँ वयस्कों के लिए प्रवेश शुल्क 50 रुपए और बच्चों के लिए 30 रुपए है।

इगतपुरी  (Igatpuri)

Igatpuri
Igatpuri

मुंबई से महज कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर इगतपुरी हिल स्टेशन किसी भी प्रकृति प्रेमी के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। प्राचीन फोर्ट, राजसी झरनों और ऊंचे पहाड़ों के रूप में ये जगह बेहद प्रसिद्ध है। कल्सुबाई पीक यहाँ का प्रमुख दर्शनीय स्थल है। हरियाली से परिपूर्ण और पहाड़ों से घिरा कसारा घाट बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है। समुद्र तल से लगभग तीन हज़ार से भी अधिक की ऊंचाई पर पर त्रिंगलवाडी फोर्ट इतिहास तिहास प्रेमियों के लिए खूबसूरत स्थल है।

प्रवेश शुल्क

यहाँ कोई प्रवेश शुल्क नहीं है।

अंबोली  (Amboli)

Amboli
Amboli

अगर आप भीड़-भाड़ से दूर सुकून भरी अच्छी जगह जाना चाहते हैं तो अंबोली जाने का प्लान करें। महाराष्ट के दक्षिण में 690 मीटर ऊंचाई पर स्थित यह बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है। मानसून के मौसम में घूमने के लिए यह बेस्ट जगह है।  यहां झरने से से लेकर फोर्ट तक सबकुछ देखने को मिलेगा। यह झरना कई अन्य झरनों से घिरा हुआ है।

प्रवेश शुल्क

इस खूबसूरत हिल स्टेशन को देखने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।

महाबलेश्वर (Mahabaleshwar)

Mahabaleshwar

पश्चिमी घाट में स्थित महाबलेश्वर एक पहाड़ी शहर है जो स्ट्रॉबेरी के लिए प्रसिद्ध है।सतारा ज़िले में स्थित महेश्वर नदियों, झीलों, शानदार झरनों की वजह से बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है।  महाबलेश्वर महराष्ट्र में वीकेंड पर सबसे ज्यादा घूमने जाने वाले पर्यटन स्थलों में से एक है। भगवान शिव को समर्पित 500 साल पुराना मंदिर, महाबलेश्वर मंदिर भी है । आप यहाँ चाइनामैन फॉल्स, धोबी वॉटरफॉल, विल्सन पॉइंट और तपोला में महाबलेश्वर की सुंदरता का आनंद ले सकते हैं।

प्रवेश शुल्क

यहाँ भी किसी तरह की कोई एंट्री फ़ीस नहीं है।

लवासा  (Lavasa)

Lavasa
Lavasa

महाराष्ट्र में स्थित लवासा इटालियन शहर पोर्टोफिनो की परिकल्पना के आधार पर विकसित किया जा रहा है। लवासा 7 पहाड़ियों में फैला हुआ है जो 25000 एकड़ के क्षेत्र को कवर करता है। लवासा वरसगांव झील के तट पर मौजूद है, जिसकी वजह से लवासा में एक नहीं बल्कि कई वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटीज आपको देखने के लिए मिल जाएंगी। इसके अलावा यहाँ घानागढ़ किला, टेमघर डैम और डावसे व्यूपॉइंट है जहां से आप फोटोग्राफी का आनंद ले सकते हैं।

प्रवेश शुल्क

यहाँ अधिकांश जगहों पर प्रवेश निःशुल्क है। लेकिन वाटर स्पोर्ट्स ऐक्टिविटीज़ के लिये आपको शुल्क देना होगा।

अलीबाग़ (Alibaugh)  

Alibag
Alibag

कोंकण क्षेत्र में बसा एक छोटा सा तटीय शहर है अलीबाग़ जिसे ‘मिनी-गोवा’ के नाम से भी जाना जाता है। मुंबई से लगभग 110 किलोमीटर की दूरी पर स्थित अलीबाग़ में पूरे साल भर पर्यटक छुट्टी मनाने जाते हैं। अलीबाग रेतीले समुद्र तटों, साफ हवा, कई मंदिरों और किलों से भरपूर है।

प्रवेश शुल्क

यहाँ कोई प्रवेश शुल्क नहीं है।

ताडोबा राष्ट्रीय उद्यान  (Tadoba National Park)

Tadoba National Park
Tadoba National Park

भारत के सबसे रोमांचक और सर्वश्रेष्ठ संरक्षित टाइगर रिजर्व में से एक है ताडोबा राष्ट्रीय उद्यान। चंद्रपुर जिले में स्थित इस रिज़र्व में बड़ी संख्या में बाघ देखने को मिलते हैं। यहाँ वनस्पतियों और जीवों की दुर्लभ प्रजातियां पाई जाती है।

प्रवेश शुल्क

यहाँ प्रवेश शुल्क 20 रुपए है। बाक़ी सफारी के लिये आपको अलग से शुल्क देना होगा।

रायगढ़  (Raigarh)

Raigarh Fort
Raigarh Fort

रायगढ़ महाराष्ट्र का एक ऐतिहासिक रूप से समृद्ध जिला हैै। मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज ने 1656 में यह क्षेत्र जीता था और इसके बाद उनका राज्य रायगढ़ में स्थानांतरित हो गया। रायगढ़ किला इस जगह के प्रमुख आकर्षणों में से एक है जिसका निर्माण समुद्र तल से काफी ऊँचाई पर चट्टान के अनियमित ढलान पर किया गया है। इस किले में शिवाजी की समाधि (कब्र) को रखा गया है।

प्रवेश शुल्क

यहाँ कोई प्रवेश शुल्क नहीं है।

मालवान (Malvan) 

Malvan
Malvan

मालवान गर्मियों में घूमने के लिए परफ़ेक्ट जगह है। अपने आश्चर्यजनक समुद्र तटों, विशाल बैकवाटर और प्राचीन किलों के कारण मालवान बहुत से पर्यटकों को आकर्षित करता है मालवान राज्य में सबसे प्रसिद्ध मछली पकड़ने के बंदरगाह के रूप में प्रसिद्ध है। यहाँ तारकरली बीच, मालवन बीच, निवटी बीच, रॉक गार्डन, देवबाग बीच, सिंधुदुर्ग किला, मालवन समुद्री अभयारण्य के अलावा और भी बहुत से दर्शनीय स्थल हैं।

प्रवेश शुल्क

यहाँ के ज़्यादातर स्थलों में किसी तरह का प्रवेश शुल्क नहीं है।

भीमाशंकर (Bhimashankar) 

Bhimashankar
Bhimashankar

यह महाराष्ट्र का एक धार्मिक स्थल है, जो भगवान शिव के बारह पारंपरिक 'ज्योतिलिंगम' मंदिरों का हिस्सा है। 3,250 फीट ऊंचे इस स्थान को देखने देश के हर कोने से शिव भक्त आते हैं। यह पुणे से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

प्रवेश शुल्क

यहाँ कोई प्रवेश शुल्क नहीं है।

काशीद (Kaashid) 

Kashid
Kashid

उत्तरी कोंकण क्षेत्र के किनारे बसा काशीद एक छोटा सा खूबसूरत समुद्र तट शहर है। काशीद गर्मियों के दौरान महाराष्ट्र में घूमने के लिए सबसे अच्छे स्थानों में से एक है। अपने  सफ़ेद रेत वाले समुद्र तटों, साफ नीले समुद्रों और घने जंगलों वाले पहाड़ों के लिए प्रसिद्ध, काशिद बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है।

प्रवेश शुल्क  

यहाँ कोई प्रवेश शुल्क नहीं है।

नागपुर (Nagpur) 

Nagpur
Nagpur

नागपुर भारत के महाराष्ट्र राज्य का एक प्रमुख शहर है। ये शहर संतरे की मनोरम और रसदार किस्मों की वजह से देशभर में बेहद मशहूर है। पर्यटकों को आकर्षित करने में यह शहर किसी भी तरह की कमी नहीं छोड़ता। नागपुर छुट्टी मनाने के लिए एक परफेक्ट जगह मानी जाती है। ये शहर अपने खूबसूरत मंदिरों, झीलों, हरे भरे बगीचों के लिए जाना जाता है। यहाँ खिड़सी, रेल म्यूजियम और ट्रैफिक पार्क जैसी जगहें बच्चों के लिए बहुत अच्छी हैं।

प्रवेश शुल्क

यहाँ कुछ जगहों पर प्रवेश शुल्क है और कुछ में नहीं है।

महाराष्ट्र घूमने का सही समय– Best time to visit Maharashtra  

वैसे तो महाराष्ट्र इतना बड़ा राज्य है कि यहां सालभर ही सैलानियों का ताँता लगा रहता है। लेकिन फिर भी मौसम के हिसाब से यहां घूमने जाने की बात करें तो घूमने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च के बीच है। इस दौरान मौसम बहुत गर्म या बहुत ठंडा नहीं होता है।

महाराष्ट्र कैसे पहुँचे? 

हवाई जहाज से– महाराष्ट्र के सभी प्रमुख शहर में हवाई सेवा उपलब्ध है, आप यहाँ आसानी से पहुँच सकते हैं। छत्रपति शिवाजी के पास 2 टर्मिनल हैं।  सांता क्रूज़ घरेलू हवाई अड्डा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग 4.5 किलोमीटर दूर है। औरंगाबाद, पुणे, नागपुर, और कोल्हापुर में स्थित हैं।

ट्रेन से –  महाराष्ट्र के अधिकांश शहरों में रेल कनेक्टिविटी बहुत बेहतर है। भारत के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों से यहां के शहरों के लिए ट्रेनें उपलब्ध हैंI

सड़क मार्ग से– महाराष्ट्र के लगभग सभी शहर राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे से अच्छी तरह से जुड़े हुए है। आप सरकारी और प्राइवेट बसों से सभी जगह पहुँच सकते हैं। इसके अलावा आप स्वयं के वाहन से भी यात्रा कर सकते हैं।

महाराष्ट्र में ठहरने के लिए प्रमुख होटल  

द ताज 

अपोलो बंदर, कोलाबा, मुंबई, महाराष्ट्र

रेडिसन ब्लू  

हिंजेवाडी पुणे

ले मेरीडियन

वर्धा रोड, अपोजिट मेहान फ़्लाइओवर, नागपुर

FAQ | महाराष्ट्र में अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

 
 महाराष्ट्र घूमने में कितने दिन का समय लगता है? 

महाराष्ट्र एक बड़ा राज्य है इसलिए इसके ख़ास-ख़ास पर्यटन स्थल देखने में भी कम से कम 6 से 7 दिन का समय तो लगेगा ही।

महाराष्ट्र घूमने में कितना पैसा लगता है? 

वैसे तो यह आपके बजट पर निर्भर करता है। लेकिन, फिर भी आपको मुख्य जगहें घूमने में भी 40 से 50 हज़ार का बजट तो रखना ही होगा।

महाराष्ट्र घूमने के लिए सबसे अच्छा समय कौन सा है? 

महाराष्ट्र में तरह-तरह के पर्यटन स्थल हैं। इसलिए आप साल के किसी भी समय यहाँ घूमने जा सकते हैं। समुद्र वाली जगहें सर्दियों के समय और हिल स्टेशन गर्मियों में जा सकते हैं।

मुझे महाराष्ट्र में कहाँ रहना चाहिये? 

महाराष्ट्र में सभी शहरों में बड़े से लेकर छोटे तक कई तरह के होटल, रिसोर्ट, गेस्ट हाउस, धर्मशाला आदि हैं आप अपनी सुविधा, बजट के हिसाब से इनका चयन कर सकते हैं।

हम रात में महाराष्ट्र में क्या कर सकते हैं? 

महाराष्ट्र में मुंबई, पुणे जैसे बड़े शहर हैं जहां कि नाईट लाइफ का आनंद आप ले सकते हैं।

Advertisement
Advertisement