क्यों आम है स्किन के लिए बेस्ट फल, जानें इसके फायदे: Mango Benefits for Skin
Mango Benefits for Skin: गर्मी की शुरुआत होते ही लोग बेसब्री से इंतजार करते हैं आम का। आम विटामिन ए और सी का एक बेहतरीन सोर्स माना जाता है। ये एक ऐसा फल है जो स्वाद में तो अच्छा होता ही है साथ ही इसके कई हेल्थ बेनिफिट्स भी हैं। आम में मौजूद विटामिन ए झुर्रियों और स्किन प्रॉब्लम्स को कम करने में मदद करता है। वहीं विटामिन सी कोलेजन उत्पादन को बढ़ावा देकर स्किन को फ्री रेडिकल्स से बचाता है। आम में एंटी-ऑक्सीडेंट भी हाई होता है, जो सूरज की हानिकारक किरणों और प्रदूषण के प्रभाव से निपटने में मदद कर सकता है। आम को सिर्फ खाया ही नहीं जाता बल्कि फेस पैक या स्क्रब के रूप में लगाया भी जाता है। इससे स्किन को ब्राइट और शाइनी बनाने में मदद मिलती है। तो चलिए जानते हैं आम के फायदों के बारे में।
स्किन मॉइस्चराइजर

आम में भरपूर मात्रा में विटामिन ए होता है, जो स्किन को मॉइस्चराइज करने और ड्राईनेस से लड़ने में मदद करता है। आम के गूदे को स्किन पर लगाने से स्किन सॉफ्ट और स्मूद बनी रहती है। ये एक नेचुरल मॉइस्चराइजर है जो स्किन की नमी को बरकरार रखता है। स्किन को मॉइस्चराइज करने के लिए आम का प्रयोग फेस पैक में किया जा सकता है। इसके लिए कच्चे आम का चुनाव भी किया जा सकता है।
मुहांसों से बचाता है
आम में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट मुहांसे पैदा करने वाले बैक्टीरिया से लड़ने में मदद कर सकते हैं। आम के गूदे को फेस पर लगाने से सूजन और मुहांसों को कम करने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा आम में विटामिन सी पर्याप्त मात्रा में होता है, जो स्किन को निखारने और फाइन लाइंस को कम करने का काम बखूबी करता है।
डार्क सर्कल्स को दूर करे
आम विटामिन के से भरपूर होता है जो आंखों के आसपास होने वाले डार्क सर्कल्स यानी काले घेरे को कम कर सकता है। इसके अलावा ये आंखों के नीचे होने वाली सूजन का भी इलाज कर सकता है। आम के गूदे को आंखों के नीचे लगाने से डार्क सर्कल को काफी हद तक कम किया जा सकता है। ये आंखों की खूबसूरती को बढ़ाने का काम करता है।
यह भी पढ़ें | Weight Loss tips at home: वर्क फ्रॉम होम के दौरान करना है वेट लॉस तो अपनाएं यह टिप्स
स्किन को करता है ब्राइट

आम में मौजूद विटामिन सी और विटामिन ए स्किन में चमक लाने और काले धब्बों को कम करने में मदद कर सकते हैं। आम के गूदे को स्किन पर लगाने से स्किन की रंगत को हल्का करने में मदद मिल सकती है। आम को मुलतानी मिट्टी के पैक में मिलाकर उपयोग किया जा सकता है। इसके नियमित इस्तेमाल से स्किन को ब्राइट और टाइट बनाया जा सकता है।
प्री-मैच्योर एजिंग को रोके
उम्र बढ़ने के साथ एजिंग की समस्या शुरू हो जाती है। समय से पहले आने वाले या प्री-मैच्योर एजिंग को रोकने में आम आपकी मदद कर सकता है। आम में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट रिंकल्स और फाइन लाइंस से लड़ने में मदद कर सकते हैं। आम के गूदे को फेस पर लगाने से स्किन को जवां और कोमल बनाए रखने में हेल्प मिलती है। एजिंग की समस्या को कम करने के लिए आम को फेस पैक और फेशियल के रूप में प्रयोग किया जा सकता है।
ऑयली स्किन से छुटकारा
जिन महिलाओं की स्किन ऑयली है, उनके लिए आम बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। कच्चे आम का इस्तेमाल करके स्किन के एक्स्ट्रा ऑयल को रिमूव करने में मदद मिलती है। इसके नियमित इस्तेमाल से डेड स्किन सेल्स को भी हटाया जा सकता है।
कैसे करें आम का इस्तेमाल
आम को फेस पैक के रूप में फेस पर लगाया जा सकता है। इसे बनाने के लिए आपको आम का गूदा, एक चम्मच बेसन, दही और एक चम्मच शहद चाहिए। सभी सामग्री को एक ब्लैंडर जार में डालकर पीस लें और एक चिकना पेस्ट तैयार कर लें। इस पेस्ट को कम से कम 15 मिनट के लिए फ्रीज में रख दें। फिर फेस को साफ करके इस पैक को अप्लाई करें। 10-15 मिनट मास्क को लगा रहने दें और फिर ठंडे पानी से धो लें।