For the best experience, open
https://m.grehlakshmi.com
on your mobile browser.

20+ मुंबई में घूमने के लिए बेहतरीन स्थान और प्रमुख दर्शनीय स्थल 

10:30 AM Jan 18, 2024 IST | Abhilasha Saksena
20  मुंबई में घूमने के लिए बेहतरीन स्थान और प्रमुख दर्शनीय स्थल 
Mumbai Best Places
Advertisement

Mumbai Me Ghumne ki Best Jagah: मुंबई महाराष्ट्र का प्रमुख शहर और यहाँ की राजधानी है। इसको भारत की व्यावसायिक राजधानी के नाम से भी जाना जाता है। यह एक ऐसा शहर है जहां अमीर से अमीर व्यक्ति और ग़रीब से ग़रीब निराश नहीं होता यानी यह शहर हर किसी को कुछ ना कुछ ज़रूर देता है। यहाँ कई बड़े व्यावसायिक संस्थानों का मुख्यालय है। देश और विदेश से हमेशा इस मायानगरी को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा रहती है। यह नगरी कभी सोती नहीं है क्योंकि रात में भी दिन जैसा ही बाज़ार चलता हुआ प्रतीत होता है। बॉलीवुड और मराठी सिनेमा का केंद्र होने की वजह से इसको भारत की एंटरटेनमेंट सिटी के नाम से भी जाना जाता है। मुंबई को पहले बॉम्बे के नाम से जाना जाता था।

मुंबई में घूमने के लिए 20 खूबसूरत जगह – Famous Places in Mumbai

जगहशहर से दूरी/किलोमीटर
गेटवे ऑफ़ इंडिया (Gateway of India)2.5
चौपाटी और जुहू बीच (Choupati and Juhu beach)9.8
संजय गांधी नेशनल पार्क (Sanjay Gandhi National Park)22.9
सिद्धिविनायक मंदिर  (Siddhivinayak Temple)13.1
मुंबा देवी मंदिर (Mumba Devi Temple)17.7
हाजी अली (Haji Ali Dargah)18.5
नेहरू प्लेनेटोरियम (Nehru Planetorium)16.6
आरबीआई मॉनेटरी म्यूजियम (RBI Monetary Museum)24.6
एस्सेल वर्ल्ड  (Essel World)47.5
हैंगिंग गार्डन (Hanging Garden)22.3
एलीफेंटा  (Elephanta Caves)25.4
बांद्रा-वर्ली सी लिंक (Bandra-Worli Sea link)10.8
चिड़ियाघर  (Zoo)15.7
जहांगीर आर्ट गैलरी (Jahangir Art Gallery)25.2
गिरगांव चौपाटी  (Girgaon Choupati)21
फिल्म सिटी मुंबई  (Film City Mumbai)19.7
छत्रपति शिवाजी महाराज वास्तु संग्रहालय (Chatrapati Shivaji Maharaj Vastu Sangrahalay)25.1
छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (Chatrapati Shivaji Terminus)1
मरीन ड्राइव  (Marine Drive)22
ग्लोबल विपश्यना पगोडा (Global Vipashyana Pagoda)47

गेट वे ऑफ इंडिया (Gate Way of India)

Mumbai Me Ghumne ki Best Jagah
Gateway of India

गेट वे ऑफ इंडिया मुंबई के प्रमुख पर्यटक स्थलों में से एक  है। किंग जॉर्ज V और क्वीन मैरी के 1911 में भारत आगमन पर उनके स्वागत के लिए इसे बनाया गया था। यहाँ आने वाले पर्यटक नाव की सवारी, फेरी की सवारी या प्राइवेट याट की सवारी का आनंद ले सकते हैं। इसका निर्माण वास्तुकार जॉर्ज विटेट ने 1924 में किया। बेसाल्ट के बने 26 मीटर ऊंचे इस प्रवेशद्वार के निर्माण में जीत की झलक दिखाने वाले रोमन आर्किटेक्चर के मेहराब के साथ-साथ पारंपरिक हिंदू और मुस्लिम डिजाइनों का उपयोग किया गया है।

प्रवेश शुल्क 

यहाँ घूमने के लिए कोई प्रवेश शुल्क नहीं लगता है। आप यहाँ सप्ताह के सातों दिन किसी भी समय तक घूम सकते हैंI लेकिन, सबसे अच्छा नजारा यहाँ सुबह और शाम के समय देखने को मिलता है।

Advertisement

चौपाटी और जुहू बीच (Choupati & Juhu Beach)

Choupati & Juhu Beach
Choupati & Juhu Beach

अगर मुंबई जाते हैं तो यहाँ अवश्य घूमने वाली जगह में चौपाटी और जुहू बीच सबसे प्रमुख हैं। चौपाटी पर आप तरह-तरह के व्यंजनों का आनंद ले सकते हैं। जुहू बीच मुंबई में सबसे ज्यादा भीड़-भाड़ वाला समुद्र तट है। इसकी लंबाई 6 किमी है और इस तरह यह मुंबई का सबसे लंबा बीच है। पर्यटक यहाँ बनाना राइड्स, जेट स्की और बंपर राइड्स का भी मजा ले सकते हैं।

प्रवेश शुल्क  

यहाँ प्रवेश निःशुल्क है। यहाँ भी आप किसी भी समय जा सकते हैं।

Advertisement

संजय गांधी नेशनल पार्क (Sanjay Gandhi National Park) 

Sanjay Gandhi National Park
Sanjay Gandhi National Park

बोरीवली स्थित संजय गांधी नेशनल पार्क (एसजीएनपी)103 वर्ग किलोमीटर के दायरे में फैला हुआ है। हर साल यहाँ 2 मिलियन से ज्यादा लोग घूमने आते हैं। इकोलॉजिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने की दृष्टि से इस जंगल को पूरी तरह संरक्षित किया गया है। यहाँ की सफारी में बाघ और शेर को देखना बेहद रोमांचक है।

प्रवेश शुल्क  

12 साल से ऊपर के लोगों के लिए प्रवेश शुल्क 77 रुपए और 5 से 12 साल के बच्चों के लिए यह शुल्क 41 रुपए है। अगर आप यहाँ कैमरा का इस्तेमाल करना चाहते हैं तो उसके लिये आपको 214 रुपए अदा करने होंगे। अपनी कार या जीप ले जाते हैं तो उसका शुल्क 220 रुपए लगेगा।

Advertisement

सिद्धिविनायक मंदिर (Siddhivinayak Temple)  

Siddhivinayak Temple
Siddhivinayak Temple

सिद्धिविनायक मंदिर मुंबई के सबसे प्रसिद्ध मंदिरों में से एक हैै। भगवान गणेश के इस मंदिर में अपनी मनोकामना पूरी होने के लिए बड़ी से बड़ी सेलिब्रिटी भी जाती है। ऐसा माना जाता है कि इस मंदिर के दर्शन करने से आपकी हर मन्नत पूरी होती है।

प्रवेश शुल्क  

यहाँ प्रवेश के लिए कोई शुल्क नहीं है। यहाँ दर्शन आप प्रातः 5 बजकर 30 मिनट से दोपहर के 12 बजे तक और 12 बजकर 30 मिनट से 7 बजे तक कर सकते हैं।

मुंबा देवी मंदिर (Mumba Devi Temple) 

Mumba Devi Temple
Mumba Devi Temple

मुंबा देवी मंदिर यहाँ का एक प्रसिद्ध तीर्थस्थल है, और मुंबई को यह नाम इसी मंदिर से मिला है। मुंबई के कोली मछुआरे मुंबा देवी की पूजा करते हैं जो उन्हें अपना पालनहार मानते हैं। मंदिर में भगवती मुंबा देवी की प्राचीन मूर्ति स्थापित है।

प्रवेश शुल्क

इस मंदिर में प्रवेश के लिए कोई शुल्क नहीं है। यहाँ आप मंगलवार से रविवार तक सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक कभी भी जा सकते हैं। सोमवार को यह मंदिर दर्शन के लिए बंद रहता है। मुंबा देवी मंदिर में आरती का समय सुबह 7:00 बजे और शाम 7:00 बजे है।

हाजी अलीदरगाह (Haji Ali Dargah)

Haji Ali Dargah
Haji Ali Dargah

चारों तरफ समुद्र से घिरी हाजी अली दरगाह को देखने सभी धर्मों के लोग आते हैं। इस मस्जिद का निर्माण 19वीं सदी में हुआ था और इस दरगाह के अंदर 15वीं सदी के सूफी संत, पीर हाजी अली शाह बुखारी का मकबरा बनाया गया है। यह समुद्र तट से तकरीबन 500 मीटर दूर एक छोटे से टापू पर बनाया गया है।

प्रवेश शुल्क   

इस दरगाह को देखने के लिए कोई प्रवेश शुल्क नहीं है। यहाँ भी आप किसी भी दिन सुबह 5.30 बजे से रात के 10 बजे तक कभी भी जा सकते हैं।

नेहरू प्लेनेटोरियम (Nehru Planatorium)

Nehru Planatorium
Nehru Planatorium

यह नेहरू विज्ञान केंद्र का एक हिस्सा है और मुंबई का लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। प्लेनेटेरियम में एक टेलिस्कोप भी है, जिसके जरिए चांद तारे जैसे खगोलीय पिंडों को देख सकते हैं। यहां आप बच्चों को अंतरिक्षयान के मॉडल भी दिखा सकते हैं। इस प्लेनेटेरियम में दर्शकों को टूरिस्ट को 3D आईमैक्स थिएटर में 360 डिग्री व्यू के साथ पूरे ब्रह्मांड का दर्शन कराया जाता है। यहाँ टूरिस्ट बिना किसी रूकावट के आसमान का पूरा नजारा ले सकते हैं।

प्रवेश शुल्क

वयस्कों और 5 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों के लिए प्रति व्यक्ति 100 रु शुल्क है। यह मंगलवार से रविवार तक 11 बजे से 5 बजे तक खुला रहता है। सोमवार को प्लेनेटोरियम बंद रहता है।

आरबीआई मॉनेटरी म्यूजियम (RBI Monetary Museum)

RBI Monetary Museum
RBI Monetary Museum

रिजर्व बैंक मुख्यालय के साथ ही भारतीय रिजर्व बैंक का मॉनेटरी म्यूजियम भी स्थित है, जहां पर आप प्राचीन काल के पंच मार्क वाले सिक्कों से लेकर छठी शताब्दी ईसा पूर्व के सिक्कों को देख सकते हैं। यहां पर 10000 से भी अधिक प्रदर्शनों को दर्शक के देखने के लिए रखा गया है, जिसमें भारतीय सिक्के, कागज के नोट, फाइनेंशियल इंस्ट्रूमेंट शामिल है।  यहां पर मध्यकालीन भारत, प्राचीन भारत, ब्रिटिश भारत, आधुनिक भारत के सभी तरह के सिक्के, पुराने जमाने के कागज के नोट, सोने की छड़े और प्राचीन समय में आर्थिक लेनदेन के रूप में जो भी साधन का इस्तेमाल हुआ करती थी, उन तमाम चीजों को यहां पर प्रदर्शन के रूप में रखा गया है।

प्रवेश शुल्क

आरबीआई मौद्रिक संग्रहालय में प्रवेश सभी के लिए निःशुल्क है। संग्रहालय के अंदर कैमरा और बैग ले जाने की अनुमति नहीं है। साथ ही, फोटोग्राफी भी वर्जित है। आरबीआई मौद्रिक संग्रहालय मंगलवार से रविवार तक सुबह 10.45 बजे से शाम 5.15 बजे तक खुला रहता है। यह सोमवार और बैंक छुट्टियों पर बंद रहता है।

एस्सेल वर्ल्ड (Essel World)

Essel World
Essel World

भारत का सबसे बड़ा एंटरटेनमेंट थीम पार्क जो कि महाराष्ट्र के मुंबई में गोराई बीच के पास स्थित है। यह इंटरनेशनल पैटर्न पर डिजाइन किया गया है और सभी इस ग्रुप के लोगों के लिए यहां पर राइड और एक्टिविटीज उपलब्ध है।

प्रवेश शुल्क

एस्सेल वर्ल्ड में बच्चों और बड़ों दोनों के लिए प्रवेश शुल्क 290 रुपए से शुरू होकर 1640 रुपए तक है। अंदर ऐक्टिविटीज़ के लिये भी आपको अलग से टिकट लेने होते हैं। यहाँ आप सप्ताह के सातों दिन सुबह 10 बजे से शाम के 6 बजकर 30 मिनट तक कभी भी एंट्री ले सकते हैं।

हैंगिंग गार्डन (Hanging Garden)

Hanging Garden
Hanging Garden

मालाबार हिल के शीर्ष पर स्थित हैंगिंग गार्डन मुंबई के प्रसिद्ध दर्शनीय स्थलों में से एक है। यहां से ना केवल अरब सागर का विशाल विस्तार दिखाई देता है बल्कि मुंबई स्काईलाइन का भव्य नजारा भी देखने को मिलता है। इसको फ़िरोज़शाह मेहता गार्डन के नाम से भी जाना जाता है। इस गार्डन से सूर्यास्त का दृश्य बड़ा ही सुन्दर दिखाई देता है। गार्डन का विशेष आकर्षण जानवरों की आकृति में कटी ख़ूबसूरत झाडियाँ हैं। इस पार्क का प्रमुख आकर्षण ओल्ड लेडी शू है।

प्रवेश शुल्क  

मुंबई के हैंगिंग गार्डन में प्रवेश के लिए कोई शुल्क नहीं है। इसमें सातों दिन आप प्रातः 5 बजे से रात के 9 बजे तक कभी भी घूमने जा सकते हैं।

एलीफेंटा गुफाएं (Elephanta Caves)

Elephanta Caves
Elephanta Caves

अरब सागर के किनारे मौजूद एलीफेंटा गुफाएं 60,000 वर्ग फुट में फैली हुई हैं। एलिफ़ेंटा गुफाओं को यूनेस्को ने वर्ल्ड हेरिटेज साइट घोषित किया है। यहाँ भगवान शिव को मानने वाले संप्रदाय द्वारा चट्टानों को काटकर गुफाएं बनाई गई थीं और यहां गेटवे ऑफ इंडिया से केवल नाव के जरिए ही पहुँचा जा सकता है। एलीफेंटा में 8वीं शताब्दी ईस्वी की गुफाएं मौजूद हैं। साथ ही यहां की महेश मूर्ति – तीन मुख वाले शिव, नटराज और अर्धनारीश्वर की मूर्तियाँ बेहद लोकप्रिय हैं। यहाँ पैदल काफ़ी चलना होता है इसलिए अपने साथ पानी की बोतलें ज़रूर लेकर जायें।

प्रवेश शुल्क  

इसमें प्रवेश के लिए आपको 40 रुपए प्रति व्यक्ति शुल्क अदा करनी होगी। टॉय ट्रेन के लिए 10 रुपए देने होंगे। यहाँ आप मंगलवार से रविवार तक सुबह 9.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक कभी भी जा सकते हैं। सोमवार को यह बंद रहता है।

मरीन ड्राइव (Marine Drive)

Marine Drive
Marine Drive

अरब सागर के किनारे मरीन ड्राइव शाम की सैर के लिए सबसे बढ़िया स्थल हैं। शाम के समय यहाँ की रोशनी देखने लायक होती है। यहाँ रोशनी मोतियों की माला की तरह दिखाई देती है, इसलिए इसको “क्वीन्स नेकलेस” यानी “रानी का हार” भी कहा जाता है।

प्रवेश शुल्क  

यहाँ किसी भी समय आप आ-जा सकते हैं। साथ ही यहाँ आने-जाने के लिए आपको कोई शुल्क अदा नहीं करना है।

बांद्रा-वर्ली सी लिंक(Bandra-Worli Sea Link)

Bandra-Worli Sea Link
Bandra-Worli Sea Link

बांद्रा-वर्ली सी लिंक 5.6 किमी लंबा और 8 लेन वाला एक पुल है, जो बांद्रा को दक्षिण मुंबई के वर्ली इलाके से जोड़ता है। इसे राजीव गांधी सी लिंक भी कहा जाता है। जगमगाती रोशनी इसकी ख़ूबसूरती को बहुत बड़ा देता है। अगर आप इस लिंक पर ड्राइव का आनंद लेना चाहते हैं तो उसके लिए सही  समय सुबह या देर रात है, क्योंकि उस दौरान ट्रैफिक थोड़ा कम रहता है।

प्रवेश शुल्क  

यहाँ किसी तरह का कोई प्रवेश शुल्क नहीं है। यहाँ सुबह से लेकर देर रात तक किसी भी समय ज़ाया जा सकता है।

वीरमाता जीजाबाई भोसले उद्यान(Mumbai Zoo)

Zoo
Zoo

मुंबई चिड़ियाघर को वीर माता जीजाबाई भोसले उद्यान के नाम से जाना जाता है। रानी बाग में 50 एकड़ भूमि में फैला हुआ यह मुंबई का सबसे पुराना सार्वजनिक उद्यान है और यहाँ जंगली जानवरों, पक्षियों और सरीसृपों की एक से एक प्रजातियाँ देखने को मिलती हैं।

प्रवेश शुल्क  

सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक। चिड़ियाघर बुधवार को छोड़कर सप्ताह के सभी दिन खुला रहता है। यहाँ प्रवेश शुल्क 100 रुपए/व्यक्ति है।

जहांगीर आर्ट गैलरी  (Jahangir Art Gallery)

Jehangir Art Gallery
Jehangir Art Gallery

प्रवेश शुल्क  

इस आर्ट गैलरी को आप बिना किसी तरह की प्रवेश शुल्क दिए देख सकते हैं। सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक यह दर्शकों के लिए खुली रहती है।

मड आइलैंड  (Mud Island)

Mud Island
Mud Island

अगर आप मुंबई की चकाचौंध और भीड़भाड़ से दूर सुकून का कुछ समय बिताना चाहते हैं तो आपके लिये मड आइलैंड परफ़ेक्ट डेस्टिनेशन साबित हो सकता है। यह एक खूबसूरत द्वीप और विचित्र गांवों का घर है। आप अपने परिवार या दोस्तों के साथ यहाँ वीकेंड का मज़ा ले सकते हैं।

प्रवेश शुल्क

इस आर्ट गैलरी में प्रवेश के लिए किसी तरह की कोई शुल्क नहीं है। यह गैलरी सोमवार से रविवार तक हर दिन सुबह 11 बजे से शाम के 7 बजे तक खुली रहती है।

गिरगांव चौपाटी  (Girgaon Choupati)

Girgaon Choupati
Girgaon Choupati

सुबह के समय या शाम में सूर्यास्त के समय आप समुद्र का आनंद लेना चाहते हैं तो गिरगांव चौपाटी आपके लिये परफ़ेक्ट है। यहाँ 30 रुपए में चटाई ख़रीदकर आप कितनी भी देर यहाँ बिता सकते हैं। यहाँ खाने के भी एक से एक स्टाल हैं जहां आप अपनी मनपसंद चीज़ों का आनंद ले सकते हैं। वीकेंड में यहाँ बहुत ज्यादा भीड़ रहती है।

प्रवेश शुल्क  

यहाँ प्रवेश के लिए किसी तरह का कोई शुल्क नहीं देना होता है। आप इस जगह का आनंद किसी भी समय ले सकते हैं।

फिल्म सिटी (Film City)

Film City
Film City

यहां बहुत सारी बॉलीवुड फिल्म और सीरियल की शूटिंग चलती रहती है। अगर आपको मुंबई जाकर फ़िल्म की शूटिंग देखने का मन करे तो गोरेगांव ईस्ट में स्थित फिल्म सिटी में आपको लाइव शूटिंग कभी भी देखने को मिल जाएगी।

प्रवेश शुल्क

  • बॉलीवुड ड्रीम टूर के लिए प्रति व्यक्ति 599 रुपये और 5 घंटे के मुंबई फिल्म सिटी टूर के लिए प्रति व्यक्ति 1699 रुपये, कॉम्बिनेशन टूर के लिए प्रति व्यक्ति 1099 रुपये और आधे दिन के बॉलीवुड टूर के लिए प्रति व्यक्ति 6000 रु देने होते हैं। यहाँ प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 5 बजे तक जा सकते हैं।

छत्रपति शिवाजी वस्तु संग्रहालय (Chhatrapati Shivaji Vaastu Sangrahalay)

Chatrapati Shivaji
Chatrapati Shivaji Maharaj Vastu Sangrahalay

यह भारत का एक प्रमुख कला और इतिहास का संग्रहालय है। इस वास्तु संग्रहालय को पहले प्रिंस ऑफ़ वेल्स संग्रहालय के नाम से जाना जाता था। ब्रिटिश वास्तुकार जॉर्ज विटेट ने मुगल और ब्रिटिश वास्तुकला को मिलाकर बनाई गई इंडो सरसेनिक शैलीमें इस इमारत को बनाया।इसकेे गुंबद को बीजापुर के गोल गुम्बज के आधार पर बनाया गया है। संग्रहालय में भारतीय उपमहाद्वीप के साथ-साथ चीन, जापान और यूरोपीय देशों की लगभग 50,000 से अधिक विभिन्न कलाकृतियों का संग्रह है।

प्रवेश शुल्क

यहाँ प्रवेश शुल्क 85 रुपए है। बच्चों के लिए यह फ़ीस 20 रुपए है और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए 40 रुपए है। चिल्ड्रेन म्यूजियम और म्यूजियम एक्सपीरियंस के लिये आपको अलग से शुल्क अदा करना होगी। यहाँ प्रवेश का समय प्रतिदिन सुबह 10 बजकर 15 मिनट से शाम के 6 बजे तक है।

छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (Chatrapati Shivaji Terminus)

Chatrapati Shivaji Terminus
Chatrapati Shivaji Terminus

छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (सीएसटी) की इमारत में 3 देशों की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई देती है। यूनेस्को ने इस ऐतिहासिक इमारत को विश्व विरासत स्थल घोषित किया। छत्रपति शिवाजी टर्मिनस पहले विक्टोरिया टर्मिनस (वीटी) के नाम से मशहूर था।

प्रवेश शुल्क

इसको देखने के लिए किसी तरह की कोई फ़ीस नहीं देनी है।

ग्लोबल विपश्यना पगोडा (Global Vipashyana Pagoda)

Global Vipashyana Pagoda
Global Vipashyana Pagoda

गोराई गाँव बोरिवली में स्थित ग्लोबल विपश्यना पैगोडा के केंद्र में दुनिया का सबसे बड़ा पत्थर का गुंबद है। इसमें लगभग 8,000 विपश्यना ध्यान करने वालों के बैठने की क्षमता है। पगोड़ा के इस हॉल में गुंबद की छत 86 फुट ऊंची है जिसमे बुद्ध के अवशेष रखे हुए हैं जो उनकी शिक्षाओं को सीखने के लिए प्रेरित करते है।

प्रवेश शुल्क

दस दिवसीय विपश्यना ध्यान पाठ्यक्रम धम्म पत्तन ध्यान केंद्र में निःशुल्क आयोजित किए जाते हैं।

मुंबई घूमने का सही समय– Best time to visit Mumbai

 मुंबई घूमने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च के बीच है। इस दौरान मौसम बहुत गर्म या बहुत ठंडा नहीं होता है। समुद्र की वजह से यहाँ ठंड ज्यादा नहीं होती है इसलिए आप यहाँ ठंड के मौसम में आराम से घूम सकते हैं।

मुंबई कैसे पहुँचे?

हवाई जहाज से मुंबई का हवाई अड्डा छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा है। यह सीएसटी स्टेशन से लगभग 3 किमी दूर स्थित है। यहाँ से लगभग सभी जगहों के लिए फ्लाइट उपलब्ध हैं। घरेलू हवाई अड्डा  विले पार्ले पूर्व में है। मुंबई  छत्रपति शिवाजी के पास 2 टर्मिनल हैं।  सांता क्रूज़ घरेलू हवाई अड्डा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग 4.5 किलोमीटर दूर है।

ट्रेन से –  छत्रपति शिवाजी टर्मिनस मुंबई का सबसे लोकप्रिय स्टेशन है। भारत के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों से मुंबई के लिए ट्रेनें उपलब्ध हैंI

सड़क मार्ग से मुंबई राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे से अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है। व्यक्तिगत पर्यटकों के लिए बस से मुंबई यात्रा सबसे किफायती है। सरकारी, साथ ही निजी बसें, इस मार्ग पर दैनिक सेवाएं संचालित करती हैं। मुंबई बस स्टैंड शहर के केंद्र में स्थित है। कार से मुंबई की यात्रा करना यात्रियों की आम पसंद है। इस यात्रा के लिए कोई भी आसानी से मुंबई कार किराए पर लेने का विकल्प चुन सकता है

मुंबई में ठहरने के लिए 5 स्टार होटल

द ताज

अपोलो बंदर, कोलाबा, मुंबई, महाराष्ट्र

ग्रैंड हयात

पाइपलाइन रोड, वकोला रोड, संताक्रूज़ ईस्ट, मुंबई

रेडिसन ब्लू मुंबई

मेट्रो स्टेशन, मरोल मरोशी रोड, बोरी कॉलोनी, अंधेरी ईस्ट, मुंबई

FAQ | मुंबई के बारे में अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

मुंबई घूमने में कितने दिन का समय लगता है?

अच्छे से मुंबई घूमने के लिए आपको कम से कम 6 से 7 दिन का समय चाहिए

मुंबई घूमने में कितना पैसा लगता है?

यह आपके ऊपर निर्भर करता है लेकिन फिर भी अच्छे से घूमने के लिए कम से कम 25 से 30 हज़ार रुपए का बजट रखना होगा।

मुंबई घूमने के लिए सबसे अच्छा समय कौन सा है?

मुंबई घूमने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च के बीच हैI यहाँ ज्यादा ठंड नहीं पड़ती है इसलिए इस समय यहाँ का मौसम काफी अच्छा होता हैI

मुझे मुंबई में कहाँ रहना चाहिये?

मुंबई में रहने के लिए आपको कई सस्ते और महंगे होटल मिल सकते हैंI आप अपने बजट के अनुसार देख सकते हैं।

हम रात में मुंबई में क्या कर सकते हैं?

मुंबई में ऐसे कई प्रसिद्ध जगह हैं, जहाँ आप रात में घूम सकते हैं, साथ ही रात में आप यहाँ के प्रसिद्ध व्यंजनों का भी लुफ्त उठा सकते हैंI

Advertisement
Tags :
Advertisement