For the best experience, open
https://m.grehlakshmi.com
on your mobile browser.

गर्मी से राहत दिलाने के साथ सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है खरबूजा: Muskmelon Benefits

12:27 PM Apr 10, 2023 IST | Rajni Arora
गर्मी से राहत दिलाने के साथ सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है खरबूजा  muskmelon benefits
Advertisement

Muskmelon Benefits: गर्मियों में खाया जाने वाला खरबूजा मीठा, जूसी, ठंडक देने और रिफ्रेश करने वाला बेहतरीन फल है। यह कैलोरी में कम लेकिन पोषक तत्वों से भरपूर होता है। खरबूजे में मौजूद विटामिन ए, सी, बीटा कैरोटीन, मिलरल्स जैसे पोषक तत्व और फाइटो कैमिकल होते हैं। गर्मी के मौसम में खरबूजा इम्यूनिटी बूस्ट करने के साथ कई तरह की बीमारियों से हमारा बचाव करके स्वस्थ रखने में मदद करता है।

शरीर को रखे हाइड्रेट

इसमें पानी की मात्रा 93 प्रतिशत से ज्यादा होने के कारण गर्मी के मौसम में शरीर में पानी की कमी नहीं होने देता। शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाता है। ठंडी तासीर का होने के कारण खरबूजा गर्मी की वजह से पेट की जलन को शांत करता है। साथ ही घमौरियां और पित्ती जैसी समस्याओं से बचाव करता है ।

इम्यूनिटी करे बूस्ट

नियमित रूप से 250 ग्राम खरबूजे का सेवन करने से रोजाना की विटामिन सी की जरूरत को आधा पूरा करता है। विटामिन सी (56.7 मिलीग्राम) और बीटा कैरोटीन (19.27 मिलीग्राम) तत्व शरीर में पाए जाने वाले फ्री रेडिकल्स को बाहर निकालकर शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं। वायरस, बैक्टीरियल इंफेक्शन के खतरे से दूर रखने में मदद करते हैं। खरबूजा शरीर को विभिन्न बीमारियों और संक्रमणों से लड़ने की क्षमता को मजबूती प्रदान करता है।

Advertisement

ब्लड प्रेशर में फायदेमंद

पोटेशियम की मात्रा अच्छी होने के कारण यह ब्लड प्रेशर के मरीज के लिए अच्छा है। पोटेशियम हार्ट बीट को सुचारू रूप से चलाने और मस्तिष्क तक ऑक्सीजन की ठीक तरह सप्लाई करने में मदद करता है। जिससे हाइपर टेंशन कम होती है। तनाव कम रहने से ब्लड प्रेशर सामान्य रहता है और हृदय संबंधी रोगों का खतरा नहीं होता।

हार्ट को रखे स्वस्थ

heart health
Keep Heart Health

खरबूजे में एडोनोसीन नामक एंटीकोएगुलेंट पाया जाता है। यह तत्व खून के गाढ़ेपन को दूर कर थक्के जमने से रोकता है और आर्टरीज में रक्त प्रवाह को सुचारू रूप से चलाने में मदद करता है। इससे हार्ट अटैक के जोखिम को कम करने में मदद करता है।

Advertisement

कैंसर से करे बचाव

खरबूजे में ऑर्गेनिक पिगमेंट केरोटोनाॅयड काफी मात्रा में मिलता है। यह तत्व कैंसर खासकर फेफड़ों के कैंसर से बचाव करता है।

मधुमेह रोगियों के लिए फायदेमंद

250 ग्राम खरबूजे में प्राकृतिक शर्करा की मात्रा केवल 2.5 ग्राम होती है। शर्करा में फ्रुक्टोज़ और ग्लूकोज़ जैसे तत्व ग्लाइसिमिक इंडेक्स को नियंत्रित रखते हैं जिससे ब्लड शूगर लेवल सामान्य रहता है। डायबिटीज रोगियों के लिए सीमित मात्रा में खरबूजे का सेवन फायदेमंद हो सकता है।

Advertisement

पाचन तंत्र को चलाए सुचारू

फाइबर मिनरल्स और पानी की मात्रा अधिक होने के कारण खरबूजे का नियमित सेवन पाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने में मदद करता है। कब्ज की शिकायत दूर करता है।

मूत्र विकारों को करे दूर

मूत्रवर्धक गुण होने के कारण खरबूजे का नियमित सेवन करने से मूत्र संबंधी विकारों में राहत मिलती है।

किडनी को रखे स्वस्थ

खरबूजे के रस में मौजूद ऑक्सीकरण तत्व किडनी की सफाई कर विषैले पदार्थ बाहर निकालने में मदद करता है। किडनी में सूजन कम करने और पथरी को बनने से रोकता है।

आंखों के लिए फायदेमंद

eyes
eyes

अंदर से ओरेंज रंग वाले खरबूजे में बीटा कैरोटीन और विटामिन ए काफी मात्रा में मिलता है। खरबूजे का नियमित सेवन नजर या आंखों की रोशनी बढ़ाने में फायदेमंद है। मोतियाबिंद जैसे रोगों के खतरे को कम करता है। डब्ल्यूएचओ के अनुसार बीटा कैरोटीन युक्त फल नियमित रूप से खाने से मैकुलर डीजेनेरेशन का खतरा कम होता है। मैकुलर डीजेनेरेशन बढ़ती उम्र में होने वाली बीमारी है जिसमें आंखों की रोशनी भी जा सकती है।

एनर्जी बूस्टर का करे काम

खरबूजे में मौजूद प्राकृतिक शर्करा और कार्बोहाइड्रेट (10.6 ग्राम) शरीर में ऊर्जा के संचार में सहायक है। थकान महसूस होने पर खरबूजे का सेवन करना फायदेमंद है। यह आपको तुरंत एनर्जी प्रदान करता है।

वजन करे नियंत्रित

खरबूजा पानी और फाइबर का अच्छा स्रोत है। लेकिन इसमें कैलोरी बहुत कम होती हैं। 250 ग्राम खरबूजे में सिर्फ 57 कैलोरी होती हैं। इसकी वजह से यह हमें पेट भरा होने का अहसास भी कराता है जिससे कम खाने से वजन नियंत्रित रहता है।

त्वचा को रखे स्वस्थ

खरबूजे में त्वचा के लिए उपयोगी कोलेजन मिलता है जो त्वचा के टिशूज में कसाव लाने में मदद करता है। त्वचा में नमी बनाए रखता है और झुर्रियां कम करने में मदद करता है। इसमें मौजूद विटामिन सी त्वचा को चमक प्रदान करती है।

पीरियड क्रैम्प्स को करे कम

महिलाओं को पीरियडस के दौरान होने वाले दर्द में खरबूजे का सेवन आराम पहुंचाता है। इसमें मौजूद एंटीकोगुलेंट गुणों के कारण यह ब्लड क्लोट्स को डिज़ोल्व करता है। इससे पेट की मांसपेशियों में होने वाली ऐठन कम होती है।

तनाव मुक्ति के लिए

खरबूजा तनाव से मुक्ति दिलाने का भी काम कर सकता है। खरबूजे के रस में सुपरऑक्साइड डिसम्यूटेज (एसओडी) एंजाइम की समृद्ध मात्रा होती है, जो ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस या तनाव को कम करने में मददगार होता है।

नींद होती है बेहतर

Sleep
Sleep

खरबूजे के नियमित सेवन से नसों और मांसपेशियों को आराम मिलता है, जिससे अनिद्रा की समस्या दूर होती है।

सेवन में बरतें सावधानी

चूंकि खरबूजा मिट्टी के बहुत पास उगता है, तो इसमें बैक्टीरियल संक्रमण होने का बहुत ज्यादा खतरा रहता है। ई-कोलाई जैसे बैक्टीरिया से यह दूषित हो सकता है। इसका बाहरी छिलका काफी खुरदरा होता है, इसमें बैक्टीरिया आसानी से फंस सकते हैं। इसलिए ध्यान रखना चाहिए बाजार से लाने के बाद इसे नल के बहते पानी के नीचे वेजिटेबल ब्रश या स्पंज से रगड़ कर साफ करें। ताकि इस पर लगी मिट्टी या बैक्टीरिया निकल जाए। काटने और खाने से पहले हाथ जरूर धोएं। काटने के बाद खुला न छोड़ कर फ्रिज में रख दें या तुरंत खा लें। पानी की मात्रा अधिक होने के कारण बाहर छोड़ने पर बैक्टीरिया विकसित होने की संभावना बहुत ज्यादा रहती है।

Advertisement
Tags :
Advertisement