गर्मियों में क्यों न खुद बनाएं बच्चों के लिए पॉप्सिकल आइसक्रीम: Popsicle Ice Pops
Popsicle Ice Pops: चाॅकलेट बार, मैंगो, ऑरेंज, बटर स्काॅच…यम्मी आइसक्रीम के नाम पढ़ते ही आपके मुंह में पानी तो जरूर आ गया होगा। गर्मियों में आइसक्रीम तो बच्चों और बड़ों सभी को पसंद आती है। कई आइसक्रीम को चूसकर तो कुछ को काटकर खाया जाता है, जिन्हें पॉप्सिकल आइसक्रीम कहते हैं। ये पाॅपसिकल आइसक्रीम आप खुद भी बड़ी आसानी से बना सकते हैं। घर पर बनाई गई इन पॉप्सिकल की बात ही अलग होगी। एक तो इन हेल्दी पॉप्सिकल आइसक्रीम खाने से फ्रूट्स से दोस्ती हो जाएगी, दूसरे बाजार में मिलने वाली पॉप्सिकल में आर्टिफिशियल फ्लेवर या कलर्स से भी बच सकते हैं।
पॉप्सिकल बनाने के लिए सामग्री

तो आइये आपको ऐसी ही कुछ आइसक्रीम बनाने के बारे में बताएं। इसके लिए बस आपको चाहिए पॉप्सिकल आइसक्रीम मोल्ड, आइसक्रीम स्टिक, अपने फेवरेट फ्रूट्स। बाजार मे पाॅपसिकल मोल्ड दो तरह के होते हैं- एक तो जिसमें आइसक्रीम स्टिक कैप के साथ जुड़ी होती है। इस मोल्ड में आइसक्रीम पेस्ट डाल कर कैप टाइट बंद करनी होती है। दूसरा मोल्ड बिना स्टिक के होता है जिसमें आइसक्रीम वुडन स्टिक का इस्तेमाल किया जाता है। मोल्ड में आइसक्रीम पेस्ट डाल कर फाॅयल से कवर कर 2-3 घंटे के लिए फ्रीज किया जाता है। आधी जमने के बाद मोल्ड को निकालकर बीचोंबीच स्टिक डाली जाती है और फ्रीजर में दोबारा जमने के लिए रखा जाता है।
मैंगो क्रीम पॉप्सिकल-

सामग्री-
- आम-1 कप कटा हुआ
- वनीला आइसक्रीम या ठंडी क्रीम-1/2 कप
- दूध- 1 कप
- पिसी चीनी-1 बड़ा चम्मच
विधि-
- अगर आपक्रीम इस्तेमाल कर रहे हैं , तो एक पतीले में डाल कर सबसे पहले 7-10 मिनट के लिए हैंड ब्लैंडर की मदद से ब्लैंड करके फ्लफी बना लें।
- फिर इसमें सभी चीजें मिलाकर 2-4 मिनट के लिए ब्लैंड करें ।
- इन्हें तब तक पीसें जब तक कि स्मूथ पेस्ट न बन जाए।
- आप चाहें तो इसमें आम के छोटे-छोटे पीस काट कर भी डाल सकते हैं । इससे एक तो आपकी आइसक्रीम ज्यादा सुंदर लगेगी, दूसरा आम का मजा भी लें पाएंगे।
- फिर इस पेस्ट को पॉप्सिकल मोल्ड में डाल कर कैप टाइट बंद कर दें। इसे फ्रीजर में 5-6 घंटे जमने के लिए के लिए रखें ।
- आइसक्रीम निकालने के लिए मोल्ड को 30 सेकंड के लिए नल के बहते पानी में रखें, स्टिक के साथ आइसक्रीम आसानी से निकल जाएगी।
वाटरमेलन पॉप्सिकल-

सामग्री-
- कटा और बीज निकला तरबूज-1 कप
- नींबू का रस-4 बड़े चम्मच
- पानी-1 कप
- पिसी चीनी- एक बड़ा चम्मच
विधि-
- एक पतीले में सारी चीजों को अच्छी तरह पीसकर स्मूथ पेस्ट बना लें ।
- इस पेस्ट को पॉप्सिकल मोल्ड में डाल कर फ्रीजर में 5-6 घंटे जमने के लिए रखें ।
- आइसक्रीम निकालने के लिए मोल्ड को 30 सेकंड के लिए नल के बहते पानी में रखें, स्टिक के साथ आइसक्रीम आसानी से निकल जाएगी। वाॅटरमेलन की सुर्ख लाल रंग की आइसक्रीम का अलग ही टेस्ट होगा जिसे आप जरूर पसंद करेंगे।
कीवी पॉप्सिकल-

सामग्री-
- 4 कीवी-कटी हुई
- 1 कप- पाइनएप्पल या अंगूर का जूस
- पिसी चीनी-3 बड़े
विधि-
- सारी चीजों को मिक्सी जार या पतीले में हैंड ब्लैंडर से पीस कर स्मूथ पेस्ट बना लें ।
- पेस्ट को पॉप्सिकल मोल्ड में डाल कर 6-7 घंटे फ्रीजर में जमने के लिए रखें।
बनाना पॉप्सिकल-

सामग्री-
- केले-2 कटे हुए
- पिसी चीनी-2 चम्मच
- एक कप ठंडा दूध या बहुत ठंडी क्रीम
विधि-
- कटे केले को जिपर पाउच में रख कर 4-5 घंटे फ्रीजर में ठंडा करें।
- मिक्सी जार में कटे केले, ठंडा दूध या बहुत ठंडी क्रीम और पिसी चीनी डाल कर ब्लैंड करें।
- तैयार पेस्ट को मोल्ड में डाल कर जमने के लिए रखें।
स्ट्रॉबेरी और क्रीम पॉप्सिकल-

सामग्री-
- स्ट्रॉबेरी-1 कप कटी हुई
- वनीला आइसक्रीम या बहुत ठंडी क्रीम-1/2 कप
- दूध-एक कप
- पिसी चीनी-1 बड़ा चम्मच
विधि-
- क्रीम इस्तेमाल कर रहे हैं, तो एक पतीले में डाल कर सबसे पहले 7-10 मिनट के लिए हैंड ब्लैंडर की मदद से ब्लैंड करके फ्लफी बना लें।
- फिर इसमें सभी चीजें मिलाकर स्मूथ पेस्ट बनाएं।
- तैयार पेस्ट को पॉप्सिकल मोल्ड में डाल कर कैप टाइट बंद कर दें।
- स्ट्राॅबेरी के पतले-छोटे पीस भी काट कर डालें। इसे फ्रीजर में जमने के लिए 5-6 घंटे के लिए रखें।
स्ट्रॉबेरी-बनाना पॉप्सिकल-

सामग्री-
- स्ट्रॉबेरी जिलेटिन- 1 छोटा पैकेट
- पानी-1 कप
- केला-एक
- अमूल क्रीम या वनीला आइसक्रीम-1 कप
- पिसी चीनी-2 चम्मच
विधि-
- सबसे पहले एक पतीले में पानी गर्म कर स्ट्राॅबेरी जिलेटिनपाउडर पकाकर जैली बना लें।
- जैली ठंडी और सेट होने के लिए फ्रिज में रखें ।
- क्रीम को ब्लैंड करके फ्लफी बना लें।
- फिर इसमें जैली और चीनी मिलाकर स्मूथ पेस्ट बनाएं। जैली में सारी चीजें मिलाकर ब्लैंड करें।
- चाहें तो इसमें स्ट्राॅबेरी के छोटे-छोटे पीस भी डाल सकते हैं।
- तैयार पेस्ट को मोल्ड में डालकर जमने के लिए रखें।
ब्ल्यू बेरी और क्रीम पॉप्सिकल-

सामग्री-
- व्हिप्ड क्रीम - 1/2 कप या वनीला आइसक्रीम
- ब्ल्यू बेरीज- 1/2 कप
- चीनी-3 चम्मच
विधि-
- 1 कप क्रीम को पतीले में ब्लैंड करके फ्लफी बना लें।
- इसमें आधी चीनी मिला लें।
- इसे पॉप्सिकल मोल्ड में आधा भरकर कैप लगाकर जमने के लिए रख दें।
- ब्ल्यू बेरीज को पीस कर बाकी बची क्रीम में मिला लें।
- आइसक्रीम जम जाने पर बचे आधे मोल्ड में बेरीज़ का पेस्ट डालकर 6-7 घंटे के लिए दोबारा फ्रीज करें।
चॉकलेट बार-

सामग्री-
- व्हिप्ड क्रीम-1 कप
- कंडेंस्ड मिल्क- 1 कप
- दूध- 1/4 कप दूध
- वनीला एसेंस- 2-3 बूंद
- डार्क चाॅकलेट- आधा कटोरी
विधि-
- सबसे पहले कांच के बाउल में डार्क चाॅकलेट को माइक्रोवेव में 1 मिनट चलाकर मैल्ट कर लें।
- पॉप्सिकल मोल्ड के अंदर किनारों पर मैल्ट की चाॅकलेट की लेयर लगाएं।
- मोल्ड की कैप लगाए बिना 10 मिनट के लिए फ्रिजर में जमने रख दें।
- एक पतीले में व्हिप्ड क्रीम को ब्लैंडर की सहायता से फ्लफी बना लें।
- इसमें कंडेंस्ड मिल्क और वनीला एसेंस डालकर धीरे-धीरे मिलाकर स्मूथ पेस्ट बनाएं।
- फिर फ्रिज में रखे मोल्ड निकाल कर इसमें क्रीम का पेस्ट डालें।
- मोल्ड का कैप लगा कर टाइट बंद कर दें और 7-8 घंटे जमने के लिए रखें ।