घर पर आसानी से बनाएं वर्जिन मार्गरीटा की 5 रेसिपी: Virgin Margarita Recipe
Virgin Margarita Recipe: वर्जिन मार्गरीटा के नाम से कुछ खट्टी और दिमाग को तरोताजा करने वाली ड्रिंक की हम कल्पना करते हैं। इसके सभी फ्लेवर खट्टे होते हैं। इसका स्वाद जितना अच्छा होता है खुशबू उससे भी कहीं ज्यादा अच्छी होती है। विटामिन सी से भरपूर यह ड्रिंक आपकी हाउस पार्टी के लिए बेहतरीन है। अगर आप अपनी पार्टी में कुछ नया करना चाहते हैं तो वर्जिन मार्गरीटा को जरुर अरजमाएं। यह रेसिपी नाम से भले ही बहुत फैंसी लगती है लेकिन आपको बता दें कि हमारे भारतीय शर्बत की तरह ही है। आपके लिए यहां वर्जिन मार्गरीटा की 5 बेहद आसानी से बनने वाली और स्वाद में भरपूर रेसिपी लेकर आए हैं। आप इसके साथ अपने दिन की शुरुआत कर सकते हैं और शाम के लिए भी यह परफैक्ट है।
क्लासिक वर्जिन मार्गरीटा

सामग्री
- सेंधा नमक और लेमन जेस्ट- कोटिंग के लिए
- नींबू का रस-2 बड़े चम्मच
- संतरे का रस-1 बड़ा चम्मच
- शहद-1 बड़ा चम्मच
- लेमन सोडा-2 बड़े चम्मच
- नींबू स्लाइस- सजावट के लिए
- कुटी हुई बर्फ-1 बड़ा चम्मच
ऐसे बनाएं
- सबसे पहले ग्लास के किनारों को नींबू की फांक से रगड़ें।
- एक प्लेट पर नमक रखकर, गिलास के आधे या पूरे किनारे को नमक में डुबाकर कोट करें।
- एक अलग बर्तन लेकर उसमें बर्फ, नींबू का रस, संतरे का रस और शहद मिलाएं।
- ठंडा करने के लिए इसे सही से हिलाकर इसे गिलास में छान लें।
- ऊपर से सोडा डालें। लेमन स्लाइस से सजाएं।
वर्जिन मार्गरीटा पिक्चर

सामग्री
- पानी- ½ कप
- चीनी- ½ कप
- नींबू के छिलके-2 बड़े चम्मच
- नींबू का रस- 1½ कप
- संतरे का रस- 4 कप
- शहद- ¼ कप
- नमक-2 बड़े चम्मच
- सजावट के लिए नींबू के टुकड़े
ऐसे बनाएं
- मध्यम आंच पर एक छोटे सॉस पैन में, पानी और चीनी को एक साथ मिलाएं। दो बड़े चम्मच नींबू के छिलके (लेमन जेस्ट) मिलाएं।
- चीनी को घुलने तक लगातार हिलाते हुए, धीरे-धीरे उबाल लें।
- चीनी घुलने के बाद पैन को आंच से उतार लें और मिश्रण को ठंडा होने दें।
- इसके बाद इसमें नींबू का रस, संतरे का रस और शहद मिलाएं।
- टेस्ट को सही से सैट होने के लिए रात भर फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें।
- एक बड़ी प्लेट में नमक के साथ एक चम्मच लाइम जेस्ट मिलाएं।
- मार्जरीटा ग्लास के किनारों की इस मिश्रण से कोटिंग करें।
- इन गिलासों में अपना तैयार जूस डालें और सर्व करें।
नोट: यह आपके पार्टी के लिए इस सामग्री से कम से कम 15 गिलास बनेंगे
फ्रोजन वर्जिन मार्गरीटा

सामग्री
- लेमन जेस्ट और सेंधा नमक- गिलास के किनारों की कोटिंग के लिए
- फ्रोजन नींबू का रस-8 बड़े चम्मच
- ताजा नींबू का रस-1 बड़ा चम्मच
- शहद-1 बड़ा चम्मच
- बर्फ कुटी हुई-2 कप
- नींबू स्लाइस- सजावट के लिए
ऐसे बनाएं
- सबसे पहले गिलास के किनारे को नींबू की फांक से रगड़ें।
- इसके बाद एक बर्तन में नमक और लेमन जेस्ट रखकर गिलास के किनारों को कोट करें।
- एक ब्लेंडर में, जमा हुआ नींबू का रस, नींबू का ताजा रस, शहद और बर्फ मिलाएं।
- इसे अच्छे से ब्लेंड कर सर्व करें।
स्ट्रॉबेरी वर्जिन मार्गरीटा

सामग्री
- कटी हुई स्ट्रॉबेरी- 1 कप
- नींबू का रस-1 बड़ा चम्मच
- शहद- 2 बड़े चम्मच
- कुटी हुई बर्फ- 1 कप
- स्ट्रॉबेरी- सजावट के लिए
ऐसे बनाएं
- सबसे पहले स्ट्रॉबेरी को धोकर उसे बारीक काट लें। इसके बाद ब्लेंडर में बर्फ, नींबू का रस और शहद मिलाएं।
- सही से मिक्स हो जाने तक ब्लेंड करें। गिलास में डालें। इसे स्ट्रॉबेरी से सजाएं। अपनी खुशबू की वजह से यह ड्रिंक आपको फ्रैश फील देगा। हेल्दी होने के साथ यह टेस्टी भी है।
पाइनएप्पल वर्जिन मार्गरीटा

सामग्री
- सेंधा नमक और लेमन जेस्ट- कोटिंग के लिए
- अनानास का रस-8 बड़े चम्मच
- नींबू का रस-1 बड़ा चम्मच
- चीनी का सिरप-1 बड़ा चम्मच
- कुटी बर्फ- 1 कप
- सोडा- 2 बड़े चम्मच
- नींबू स्लाइस और अनानास के पीस- सजावट के लिए
ऐसे बनाएं
- सबसे पहले ग्लास के किनारों को नमक और लेमन जेस्ट से कोट कर लें।
- ब्लेंडर में बर्फ, अनानास का रस, नींबू का रस और शुगर सिरप मिलाएं।
- इसे अच्छे से मिलाने के बाद गिलास में छान लें।
- ऊपर से सोडा डालें।
- नींबू के स्लाइस और अनानास के टुकड़े से सजाकर अपने मेहमानों को सर्व करें।
नोट: वैसे तो मारगेटा में एगोव सिरप डलता है हमने आपकी आसानी के लिए इसमें शहद डाला है। अगर आपके पास एगोव सिरप आसानी से उपलब्ध है तो आप वह डालें अन्यथा शहद उसका एक अच्छा विकल्प है।