World Mosquito Day - हानिकारक केमिकल से नहीं, घरेलू तरीकों से दूर भगाएं मच्छरों को
World Mosquito Day: मलेरिया, जीका वायरस, चिकनगुनिया, डेंगू, वेस्ट नाइल रिवर वायरस, येलो फीवर और भी न जाने कितने ही जानलेवा रोग मच्छरों की देन है। मच्छर हमारी हेल्थ के लिए बेहद खतरनाक हैं। दुनियाभर में हर साल लाखों लोगों की जान मच्छरों के कारण उत्पन्न होने वाले रोगों के कारण चली जाती है। मच्छरों के इन्हीं विनाशकारी दुष्प्रभावों की याद दिलाने के लिए हर साल 20 अगस्त को वर्ल्ड मॉस्किटो डे मनाया जाता है। यह दिन सर रोनाल्ड रॉस की उस खोज को भी समर्पित है, जिसमें उन्होंने मच्छरों को मलेरिया संचरण से जोड़ा था। यह दिन हर साल एक थीम पर मनाया जाता है, लेकिन साल 2023 की थीम तय नहीं की गई है।
इसलिए खतरनाक हैं मच्छर

मच्छर भले ही आकार में छोटे होते हैं, लेकिन बीमारियां फैलाने के ये बड़ा कारण हैं। मादा एनोफिलेस मच्छरों के काटने से होने वाला मलेरिया रोग आज भी दुनियाभर के लिए चुनौती बना हुआ है। साल 2021 में दुनियाभर में 619,000 मौतें मलेरिया से हुईं। वहीं एडीज मच्छरों के माध्यम से फैलने वाला जीका वायरस जन्मजात विकलांगताओं और तंत्रिका संबंधी बीमारियों का मुख्य कारण बन रहा है। वहीं चिकनगुनिया, डेंगू जैसे रोग लोगों को अंदर से कमजोर बना देते हैं, जिसका असर लंबे समय तक रहता है। एडीज एजिप्टी मच्छर के काटने से होने वाले डेंगू रोग से दुनियाभर में 400 मिलियन लोगों को हर साल यह रोग होने का खतरा रहता है। समय पर उपचार नहीं लेने के कारण यह मौत का कारण भी बन सकता है। ऐसे में बहुत जरूरी हैं कि हम खुद को और अपने परिवार को मच्छरों के प्रकोप से बचाएं।
घर से ऐसे दूर भगाएं मच्छर
वैसे तो इन दिनों मार्केट में आपको ऐसे कई स्प्रे और मॉस्किटो रिपेलेंट मिल जाएंगे, लेकिन अगर आप केमिकल से दूर रहना चाहते हैं तो कुछ नेचुरल तरीके अपनाकर भी आप मच्छरों को दूर भगा सकते हैं।
डोर स्ट्रिप्स का यूज करें

यदि आप चाहते हैं कि आपके घर में मच्छर नहीं आएं तो आप सबसे पहले ये सुनिश्चित करें कि इनका प्रवेश घर में पूरी तरीके से रुक जाए। शाम के समय घर के सभी खिड़की और दरवाजे बंद रखें। कई बार मच्छर दरवाजों और फर्श के बीच के गैप से भी घर में घुस जाते हैं। ऐसे में आप डोर स्ट्रिप्स का यूज करें। यह आपको आसानी से ऑनलाइन मिल जाएंगी। इस बात का भी ध्यान रखें कि मच्छर घर के अंदर पनपे नहीं। मच्छर अक्सर एसी, कूलर या फिर गार्डन में जमा पानी में पनप जाते हैं। ऐसे में समय समय पर इनकी सफाई करें। पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें। नालियों को भी साफ और ढका हुआ रखें।
लगाएं मच्छरों को भगाने वाले पौधे

मच्छरों से छुटकारा पाने का एक आसान तरीका है, उन्हें भगाने वाले पौधे लगाना। इससे आपका घर सुंदर दिखेगा, आप हरियाली के बीच रहेंगे और मच्छर भी नहीं आएंगे। खास बात यह है कि ये सभी पौधे आसानी से उपलब्ध होते हैं। मच्छर रोधी इन पौधों में शामिल है गेंदा, लेमनग्रास, तुलसी, पुदीना, कैटनिप और सिट्रोनेला। इसी के साथ आप बैजल, लहसुन, जिरेनियम, पेनीरॉइअल, लैवेंडर, लेमन ब्लाम, रोजमैरी जैसी पौधे भी लगा सकते हैं।
असरदार है मॉस्किटो ट्रैप

अगर आपकी तमाम कोशिशों के बावजूद घर में मच्छर आ गए हैं तो आप मॉस्किटो ट्रैप का यूज कर सकते हैं। यह ट्रैप आपको बहुत ही आसानी से ऑनलाइन उपलब्ध होगा। 200 से 300 रुपए के अंदर यह ट्रैप आप खरीद सकते हैं। इसकी गंध से मच्छर आकर्षित होते हैं और उसकी चिपचिपी सतह पर चिपक जाते हैं। अगर आपका बजट ज्यादा है तो आप इलेक्ट्रिक ग्रिड का भी यूज कर सकते हैं। इसमें भी 300 रुपए से विकल्प उपलब्ध हैं।
कैंडल जलाएं, मच्छर भगाएं

मोमबत्तियां जलाने से न सिर्फ आपके घर को ब्यूटिफुल वाइब्स मिलेंगी, बल्कि ये मच्छरों को दूर भगाने के भी काम आती हैं। शाम के समय घर में आप कैंडल जलाएं। कोशिश करें कि आप सिट्रोनेला या फिर लैवेंडर खुशबू वाली कैंडल यूज करें। इसी के साथ आप डिफ्यूजर भी यूज कर सकते हैं। देवदार का तेल आमतौर पर मच्छर रोधी माना जाता है। ऐसे में शाम के समय घर में डिफ्यूजर का उपयोग करें। इसी के साथ आप लैवेंडर, लेमन, यूकेलिप्टस आयल का भी उपयोग कर सकते हैं।
किचन से निकलेगा समाधान

घर को मच्छर मुक्त बनाने के कुछ राज आपकी रसोई में भी छिपे हैं। आप एक नींबू को बीच से काट लें और उसमें पांच से छह लौंग लगा दें। मच्छर लौंग और नींबू की गंध सहन नहीं कर पाते और भाग जाते हैं। यह मच्छर भगाने का नेचुरल तरीका है। इसी के साथ आप लहसुन का उपयोग भी कर सकते हैं। लहसुन की कुछ कलियां पीसकर उसे पानी में उबाल लें। इसे ठंडा होने पर छान कर एक बोतल में भर लें। इस स्प्रे का छिड़काव आप पूरे घर में करें। इससे मच्छर मार जाएंगे।
साबुन का पानी करेगा कमाल

मच्छरों को बहुत ही आसानी से मार देता है साबुन का पानी। आप एक बड़े बर्तन में साबुन का पानी भरकर रख दें। अब पानी को इतना हिलाएं कि इसमें अच्छे से झाग बन जाएं। झाग देखकर मच्छर एकत्रित होंगे और बुलबुलों में फंस कर मर जाएंगे। यह बहुत ही सेफ और नेचुरल तरीका है।
मच्छरों को पसंद नहीं है कॉफी

मच्छरों को कॉफी बिलकुल पसंद नहीं होती। ऐसे में आप इन्हें दूर भगाने के लिए इसका उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए आप एक चौड़े बर्तन में पेपर या अंडे का कार्टन का टुकड़ा लें। इसमें कुछ कॉफी ग्राउंड लें। अब इसे जला दें। इससे होने वाले धुएं से मच्छर भाग जाएंगे। लेकिन ध्यान रखें यह काम सावधानी से करें।
पीली एलईडी लाइटिंग का करें उपयोग

मच्छरों और रोशनी का गहरा कनेक्शन है। कुछ लाइट्स मच्छरों को आकर्षित करती हैं तो कुछ से मच्छर दूर भागती हैं। अमेरिकन एसोसिएशन फॉर द एडवांसमेंट ऑफ साइंस के अनुसार, पीली एलईडी लाइटें मच्छरों को काफी कम आकर्षित करती है।
कपूर है बेहद कारगर

मच्छरों को मारने का सदियों पुराना तरीका है कपूर। इसकी तीखी गंध मच्छरों को मार देती है। खास बात यह है कि यह तुरंत असर दिखाती है। इसके लिए आप शाम के समय घर के सभी खिड़की और दरवाजे बंद करके कपूर जलाएं। तीस मिनट में ही मच्छर मर जाएंगे।