For the best experience, open
https://m.grehlakshmi.com
on your mobile browser.

विदेशों में भी मनाई जाती है रंग-बिरंगी होली: World Holi Celebrations

06:30 PM Mar 24, 2024 IST | Rajni Arora
विदेशों में भी मनाई जाती है रंग बिरंगी होली  world holi celebrations
Holi Celebrations Around the World
Advertisement

World Holi Celebrations: ढ़ेर सारी मस्ती और हुड़दंग से भरा और अनेक रंगों से सजा-लो आ गया होली का त्यौहार। बुराई पर अच्छाई की जीत के रंगों के इस त्यौहार का अपना महत्व है। इसके पीछे चाहे विष्णु भक्त प्रह्लाद और होलिका की कहानी हो या वसंत के आगमन की खुशी में भगवान कृष्ण के रास-रंग की गाथाएं। सभी इसके रोमांच में डूब जाते हैं और रंगों से सराबोर हो एक-दूसरे को अपना बना लेते हैं। सबसे बड़ी बात है कि होली का त्यौहार विदेशों में भी उतने ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाता है। दुनिया भर में बसे भारतीयों और कृष्ण-भक्ति के प्रचार में लगे इस्काॅन मंदिर की वजह से होली आज अपना रंग हर जगह जमा चुकी है। होली के रंग में रंगने के लिए विदेशी भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। आइये ऐसे ही कुछ देशों के बारे में जानें-

Also read: Holi 2022: भारत के किन हिस्सों की होली है सबसे मशहूर

गुयाना

World Holi Celebrations
Guyana

दक्षिणी अमेरिका के उत्तर-पूर्वी तट में स्थित गुयाना में होली ‘फगुआ‘ के नाम से जानी जाती है। यहां होली एक महीने पहले अरंडी पेड़ लगाने के साथ शुरू हो जाती है जिसे होलिका दहन पर जलाया जाता है। होलिका दहन के बाद यहां जमकर नाच-गाना होता है। एक-दूसरे को होली की बधाई देते हैं। होली के दिन लोग जार्ज टाउन प्रसाद नगर के मंदिर में इकट्ठे होते हैं। तरह-तरह के पकवान बनाकर लाते हैं और एक-दूसरे को खिलाते हैं। अभ्रक, अबीर-गुलाल और पानी से होली खेलते हैं। बच्चे छोटी-बड़ी पिचकारियों में रंगीन पानी भर कर सबको भिगोते हैं। ढोलक और मजीरे की टाप पर चैताल और फगवा गायन लोकगीत गाए जाते हैं। रंग खेलने के बाद सभी नए कपड़े पहन कर एक-दूसरे के घर होली मिलन के लिए जाते हैैं। गुयाना में इस दिन राष्ट्रीय छुट्टी रहती है।

Advertisement

अमेरिका

यहां ‘होबो‘ के नाम से होली मनाई जाती है। तरह-तरह की अजीबोगरीब ड्रेस पहन कर हुड़दंग मचाते हैं जैसे-किसी की पेंट में एक पैर नहीं होता, किसी की कमीज में बांह नहीं होती, कमीज में बटन नहीं होते या पीछे की ओर होते हैं, कमीज फटी हेाती है। सबसे ज्यादा हुड़दंग मचाने वाले को पुरस्कार दिया जाता है। न्यूयार्क में तो होली परेड भी निकाली जाती है जिसमें बीच-बीच में लोग होली खेलते चलते हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाते हैं। लाॅस एंजिल्स के यूटा हरि कृष्ण मंदिर के आंगन में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे होते हैं। डीजे पर होली के गीत गाए जाते हैं और डांस करते हैं। एक-दूसरे पर पानी की बौछार करते है, रंग लगाते हैं।

जर्मनी

जर्मनी के कई शहरों में इंडियन एम्बेसडर और इंडिया टूरिज्म के सहयोग से होली का आयेाजन किया जाता है। यहां लोग इकट्ठे होते हैं और डीजे पर म्यूजिक चलता है। सब डांस करते हैं, खेलते हैं। एक-दूसरे पर रंग लगाते हैं और आकाश में गुलाल उड़ाते हैं।

Advertisement

ब्रिटेन

लीसेस्टर ब्रिटिश शहर में होली परंपरागत ढंग से मिलो होली के रूप में मनाई जाती है। यहां होली परेड निकाली जाती है जिसमें एक-दूसरे कोे गले लगाते हैं। तिलक लगाकर रंगों और पानी से सराबोर करते हैं। शाम को पार्टी और मिठाइयों का आयोजन किया जाता है।

अफ्रीका

दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन के टेबल माउंटेन की शेडो में होली का आयोजन किया जाता है। हजारों की संख्या में लोग शामिल होते हैं। डीजे की धुन पर घंटों जश्न मनाते हैं और रंगों से सराबोर होते हैं। अफ्रीका में मार्च से अप्रैल महीने के दौरान मनाया जाने वाला ओमेन बोगा त्यौहार होली की तरह है। होलिका दहन की तरह अफ्रीकी लोग इस दिन बोगा नामक अत्याचारी राजा का पुतला जलाते हैं। एक-दूसरे पर रंग और पानी डालते हैं। शाम को अपने एक-दूसरे के घर जाते हैं और मिठाइयों का आदान-प्रदान करते हैं।

Advertisement

इटली

फरवरी महीने में एक सप्ताह तक बहुत उल्लास से मनाई जाती है। इसे ‘रेडिका‘ नाम से जाना जाता है। यहां एक-दूसरे पर सुगंधित रंगीन पानी का बड़ी शालीनता से छिड़काव किया जाता है।

माॅरिशस

Mauritius
Mauritius

होली की यहां भी सरकारी छुट्टी रहती है और वसंत महोत्सव के रूप में लोग बहुत उत्साह के साथ होली मनाते हैं। छोटी होली की शाम होलिका दहन में अलाव जलाते हैं और जश्न मनाते हैं। होलिका दहन के विशेष कार्यक्रम आयोजित होते हैं। होली पर हिन्दू धर्म के अलावा दूसरे धर्म के लोग भी होली खेलते हैं। एक-दूसरे पर रंग फेंकते है और पानी से बच्चे-बड़े सभी खेलते हैं। शाम को नए कपड़े पहन कर मिठाइयां बांटते है।

फिज़ी

बड़े उल्लास से होली मनाई जाती है। लोग गुलाल, इत्र, रगों और पानी से होली खेलने के अलावा राधा-कृष्ण से जुड़े गाने गाते हैं और डांस करते है। यहां इन गानों को फाग गायन या फाल्गुन कहा जाता है। गुलाल, इत्र और रगों से होली खेली जाती है।

मिस्र

यहां मार्च के महीने में ‘फालिका‘ नाम से होली का त्यौहार मनाया जाता है। ग्रुप में लोग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाते हैं। शाम को सब मिलकर अलाव जलाते हैं, मिठाइयां बांटते हैं और नाचते-गाते हैं। बाद में अलाव में आधी जली हुई लकड़ियां निकाल कर एक-दूसरे पर फेंकते हैं। उनका मानना है कि ऐसा करने से होलिका नामक राक्षस का अंत हो जाता है।

सूरीनाम

दक्षिण अमेरिका के छोटे से देश सूरीनाम में होली के दिन छुट्टी रहती है। यहां इसे ‘फगवा‘ कहा जाता है। बडी संख्या में रहने वाले हिन्दू कई दिन पहले होली की तैयारी शुरू कर देते हैं। होलिका दहन के बाद नृत्य-गायन करते है। लोग सफेद रंग के कपड़े पहन कर होली खेलते हैं। एक-दूसरे पर रंग डालते हैं और पानी में भिगोते हैं। शाम को अलाव जलाकर होली के गीत भी गाते हैं।

चीन

पानी छपाका के नाम से मनाई जाने वाली होली चीन की ताएं नामक जाति का प्रमुख त्यौहार है। इसे वे नए साल के उपलक्ष में उत्सव की तरह मनाते हैं। रंगों के जल से सबसे पहले बौद्ध प्रतिमाओं को स्नान कराया जाता है फिर एक-दूसरे पर रंग डाला जाता है। ऐसा माना जाता है कि जिस व्यक्ति के ऊपर सबसे ज्यादा पानी गिरता है, उसे उतनी ही खुशियां हासिल होती हैं।

नेपाल

नेपाल में होली राष्ट्रीय त्यौहार है। इसे ‘फाग' या ‘फगुआ‘ के नाम से जाना जाता है। फरवरी के महीने में एक सप्ताह तक बड़ी धूमधाम से मनाई जाती है। होली का पोल सजाया जाता है जिसे रंग-बिरंगे कपड़ों और झालरों से सजाया जाता है। इसे अच्छे दिन का प्रतीक माना जाता है और इसकी पूजा की जाती है। पोल के आसपास लोग नाचते-गाते हैं। अपने पड़ोसियों के घर जाते हैं । रंग लगाते हैं और दूसरों पर ‘लोलास‘(बेलून) फेंकते हैं। तरह-तरह के व्यंजन खाते हैं और भांग का सेवन करते हैं।

Advertisement
Tags :
Advertisement